बिलासपुर…सीएमडी महाविद्यालय में संविधान दिवस पर आयोजित ‘विकसित भारत युवा संवाद’ में नशे की बढ़ती समस्या और इससे युवाओं को दूर रखने पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में पद्मश्री पंडित रामलाल बरेठ ने कहा कि कला एक साधना है और साधना, एकाग्रता तथा आत्म-अनुशासन के जरिए नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहा जा सकता है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त भारत अभियान से जुड़ने और अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाने की अपील की।

कलेक्टर संजय अग्रवाल के दिशा निर्देश में मेरा युवा भारत, बिलासपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ रखी गई थी। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि पंडित बरेठ ने कहा कि स्वस्थ और सशक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मेरा युवा भारत, बिलासपुर के उप निदेशक नितिन कुमार शर्मा ने बताया कि ‘विकसित भारत युवा संवाद’ देश के सभी 786 जिलों में आयोजित किया जा रहा है। संविधान दिवस पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को संवैधानिक मूल्यों से जोड़ना और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। यूथ आइकॉन प्रशंसा पांडेय ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों को बताया। महाविद्यालय के चेयरमैन संजय दुबे ने भी युवाओं से सामाजिक बदलाव में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में कमलेश शुक्ला, मोहनलाल सोनी, राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित लोकेश ओगरे, राज्य एनएसएस पुरस्कार प्राप्त जिया वारे और स्पोर्ट्स आइकॉन नोमेश चंद्राकर मौजूद रहे। संचालन रोहित लहरे ने किया।