बिलासपुर.. एनटीपीसी सीपत में काम करने वाले ठेका श्रमिक को रास्ते में रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगना और पैसे नहीं देने पर धारदार हथियार से हमला करना महंगा पड़ा।

सीपत पुलिस ने मामले में एक 18 वर्षीय आरोपी समेत दो अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। एक अपचारी बालक के कब्जे से हमले में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, एनटीपीसी सीपत में आनंद कुमार सिंघानिया की सिविल कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर अखिलेश यादव ने 11 सितंबर को घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कंपनी में काम करने वाला असहद अली काम खत्म होने के बाद सब्जी लेकर पैदल जांजी स्थित लेबर कॉलोनी लौट रहा था। इसी दौरान नहर रोड के पास चार युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे।

असहद ने पैसे देने से इनकार किया तो युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान धारदार हथियार से वार कर उसे घायल कर दिया और सभी आरोपी मौके से भाग निकले। शिकायत के आधार पर सीपत पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर ग्राम जांजी निवासी समीर सारथी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथ तीन अपचारी बालकों के साथ मिलकर असहद अली से मारपीट करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दो अपचारी बालकों को भी पकड़ा। एक अपचारी बालक से घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी समीर सारथी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी और दोनों अपचारी बालकों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।