अंबिकापुर… (पृथ्वी लाल केसरी)…कर्मचारियों की गिरफ्तारी और 48 घंटे से अधिक जेल में रहने की सूचना संबंधित विभाग को तत्काल देने का नियम है, लेकिन सरगुजा जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां शिक्षक की गिरफ्तारी की जानकारी शिक्षा विभाग तक पहुंचने में करीब सात साल लग गए। हैरानी की बात यह है कि इस असाधारण देरी पर जिला शिक्षा अधिकारी ने अपने ही विभाग के अधिकारी-कर्मचारी को नहीं, बल्कि सीधे थाना प्रभारी को नोटिस जारी कर दिया है। डीईओ ने थाना मणिपुर के प्रभारी से तीन दिन के भीतर बिंदुवार स्पष्टीकरण मांगा है। मामले की प्रतिलिपि पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई है।

मामला शासकीय प्राथमिक शाला पेंडरखी, विकासखंड उदयपुर में पदस्थ प्रधान पाठक विजय कुमार पाण्डेय से जुड़ा है। उनके खिलाफ थाना मणिपुर में अपराध क्रमांक 499/2019 के तहत भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस ने 18 अगस्त 2019 को उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। इसके बाद सक्षम सत्र न्यायालय से दोषसिद्ध होने पर वे 3 जनवरी 2026 से 9 अक्टूबर 2026 तक केंद्रीय जेल अंबिकापुर में निरुद्ध रहे।

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल सूचना पहुंचने में हुई देरी को लेकर है। वर्ष 2019 में गिरफ्तारी के बावजूद शिक्षा विभाग को इसकी जानकारी 13 अक्टूबर 2026 को दी गई। यानी गिरफ्तारी के करीब सात साल बाद विभाग को पता चला कि उसके यहां पदस्थ एक प्रधान पाठक आपराधिक प्रकरण में गिरफ्तार हुए थे और बाद में जेल में भी निरुद्ध रहे।

डीईओ ने थाना प्रभारी से पूछे तीन सवाल

जिला शिक्षा अधिकारी ने थाना प्रभारी को जारी पत्र में तीन बिंदुओं पर जवाब मांगा है। पहला, वर्ष 2019 में गिरफ्तारी और उसके बाद जेल में निरुद्ध रहने की सूचना शिक्षा विभाग को इतने लंबे समय तक क्यों नहीं दी गई? दूसरा, क्या गिरफ्तारी या न्यायालय से दोषसिद्धि के समय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय अथवा विकासखंड शिक्षा अधिकारी उदयपुर को कोई लिखित या मौखिक सूचना दी गई थी? यदि सूचना दी गई थी तो संबंधित पत्राचार, आवक-जावक क्रमांक और प्राप्ति की प्रमाणित प्रति प्रस्तुत करने को कहा गया है।

तीसरा सवाल इस देरी की जिम्मेदारी तय करने को लेकर है। डीईओ ने पूछा है कि समय पर सूचना नहीं मिलने से संबंधित शिक्षक के विरुद्ध निलंबन और विभागीय कार्रवाई प्रभावित होने के लिए थाना स्तर पर किसकी जिम्मेदारी बनती है?

समय पर सूचना मिलती तो.. विभागीय कार्रवाई

डीईओ ने पत्र में शासन के प्रशासनिक एवं वैधानिक निर्देशों का हवाला देते हुए कहा है कि किसी शासकीय सेवक की गिरफ्तारी अथवा 48 घंटे से अधिक अभिरक्षा में रखे जाने पर संबंधित पुलिस थाना या जांच एजेंसी को तत्काल नियुक्तिकर्ता, नियंत्रक अधिकारी अथवा विभागाध्यक्ष को सूचना देनी होती है। इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम, 1966 के तहत समय पर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

थाना प्रभारी को तीन दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र की प्रतिलिपि पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज, कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सरगुजा और पुलिस अधीक्षक सरगुजा को भी भेजी गई है।

अब इस मामले में पुलिस का जवाब महत्वपूर्ण होगा। सात साल तक गिरफ्तारी की सूचना शिक्षा विभाग तक क्यों नहीं पहुंची, क्या पहले कभी सूचना भेजी गई थी और यदि नहीं तो इस चूक के लिए जिम्मेदार कौन है? इन सवालों का जवाब थाना प्रभारी के स्पष्टीकरण से ही सामने आएगा। फिलहाल एक शिक्षक की गिरफ्तारी की सूचना में हुई देरी ने पुलिस और शिक्षा विभाग के बीच प्रशासनिक जवाबदेही का सवाल खड़ा कर दिया है।