बिलासपुर… सुबह के वक्त घर में घुसकर सो रही महिला से छेड़छाड़ और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में चकरभाठा पुलिस ने 30 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ग्राम सैदा निवासी रमाकांत सूर्यवंशी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 74 और 351(3) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक घटना 14 सितंबर की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच की है। महिला अपने घर के कमरे में सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान रमाकांत सूर्यवंशी उसके कमरे में घुसा और बुरी नीयत से उसके शरीर को छूने लगा। महिला की नींद खुलने पर उसने विरोध किया।

महिला के विरोध करने पर आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही चकरभाठा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना करना स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।