महासमुंद। महासमुंद जिला जेल की सुरक्षा में बड़ी चूक देखने को मिली है, जहां आज सुबह करीब 4 बजे 4 कैदी जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए। इनमें से तीन कैदी एनडीपीएस एक्ट और एक चोरी के मामले में बंद था। घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 4 बजे कैदियों ने भागने की यह योजना बनाई। दीवार फांदने के लिए कैदियों ने जेल में मिलने वाले कंबलों का इस्तेमाल किया। कुल पांच कैदी भागने की फिराक में थे, जिनमें से चार कैदी तो दीवार लांघने में कामयाब हो गए, लेकिन पांचवां कैदी दीवार फांदते वक्त नीचे गिर गया और चोट लगने या नाकामी के चलते भाग नहीं सका। उसे जेल प्रशासन ने दोबारा पकड़ा लिया।जेल प्रशासन ने बताया कि, फरार होने वाले चार कैदियों में से तीन धरमवीर, लीलाधर और राजेंद्र है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त होने के कारण एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल में बंद थे। वहीं चौथा फरार आरोपी पंचराम है, जो चोरी के मामले में बंद था।

घटना की पुष्टि महासमुंद के एडिशनल एसपी ने कर दी है। जेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस की टीमें फरार कैदियों की तलाशी के लिए जिलेभर में नाकाबंदी कर दबिश दे रही हैं।

बता दें कि, महासमुंद जिला जेल की सुरक्षा में सेंध लगने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले मई 2021 में भी दिनदहाड़े 5 कैदी जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो चुके थे। उस दौरान गाजीपुर, उत्तर प्रदेश और महासमुंद के स्थानीय कैदी शामिल थे। पिछली बार इस बड़ी लापरवाही पर जेल प्रशासन ने मुख्य प्रहरी समेत 4 प्रहरियों को निलंबित किया था। एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।