Cg news।रायपुर। छत्तीसगढ़ में नियुक्ति की मांग को लेकर D.Ed अभ्यर्थियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। लंबे समय से अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने आज अपने प्रदर्शन को तेज करते हुए सीधे प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव कर दिया।

इस प्रदर्शन में अभ्यर्थियों के साथ उनके परिजन भी बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे मौके पर माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प
मंत्री के बंगले के बाहर अचानक बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के जुटने और जोरदार नारेबाजी करने से प्रशासन में हड़कंप मच गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बंगले के बाहर से हटाने की कोशिश की, तो अभ्यर्थियों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की हुई।

इसके बाद में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और बसों में भरकर वापस तूता धरना स्थल भेज दिया।

24 दिसंबर से जारी है 2,300 अभ्यर्थियों का संघर्ष

गौरतलब है कि, प्रदेश के करीब 2,300 D.Ed अभ्यर्थी अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर 24 दिसंबर 2025 से लगातार धरना स्थल पर डटे हुए हैं।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि, वे लंबे समय से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात सरकार तक पहुंचा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस पहल या समाधान नहीं निकल पाया है।

अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि, जब तक उन्हें नियुक्ति नहीं मिल जाती, तब तक उनका यह अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा।