बिलासपुर। सरकारी कामकाज और अदालती दस्तावेजों में टंकण की एक छोटी-सी गलती किस तरह किसी व्यक्ति की पहचान ही बदल सकती है, इसका मामला छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में सामने आया है।

यहां 65 वर्षीय पंचायत कर्मचारी नीलम बंबोडे को एक न्यायिक आदेश में महिला दर्शा दिया गया था।

इतना ही नहीं, उनके पिता के नाम के स्थान पर पत्नी का संबंध भी दर्ज कर दिया गया। कर्मचारी की पुनर्विलोकन याचिका पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने इस त्रुटि को सुधारने का आदेश दिया है।

मामला बस्तर जिले की भानपुरी तहसील के ग्राम घोटिया निवासी नीलम बंबोडे से जुड़ा है। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के खिलाफ हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी।

इस मामले में 5 अक्टूबर 2026 को पारित आदेश के शीर्षक में टंकण संबंधी गलती के कारण उन्हें महिला दर्शाते हुए “श्रीमती नीलम बंबोडे, स्व. बलिराम बंबोडे की पत्नी” लिख दिया गया था।

जबकि नीलम बंबोडे पुरुष पंचायत कर्मचारी हैं और उनके आधिकारिक अभिलेखों में पिता का नाम दर्ज है। आदेश में नाम और संबंध की यह गलती सामने आने के बाद इसे ठीक कराने के लिए पुनर्विलोकन याचिका दायर की गई।

याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता मीना शास्त्री ने अदालत को बताया कि नीलम बंबोडे पुरुष कर्मचारी हैं। उनकी आधिकारिक सेवा पुस्तिका में नाम ‘नीलम बंबोडे’ और पिता का नाम ‘स्व. बलिराम बंबोडे’ दर्ज है। इसके बावजूद पूर्व आदेश में उन्हें महिला बताते हुए पिता के स्थान पर पत्नी का संबंध लिख दिया गया था।

याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई कि यदि न्यायिक आदेश में यह गलत विवरण बना रहता, तो भविष्य में उन्हें प्रशासनिक और सेवा संबंधी कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता था। सुनवाई के दौरान राज्य शासन और अन्य प्रतिवादियों की ओर से इस संशोधन का विरोध नहीं किया गया।

पुनर्विलोकन याचिका पर सुनवाई जस्टिस बीडी गुरु की सिंगल बेंच में हुई। अदालत ने प्रस्तुत दस्तावेजों और पक्षकारों की दलीलों पर विचार करने के बाद 5 अक्टूबर 2026 के आदेश में संशोधन करने का निर्देश दिया। इसके तहत गलत विवरण को सुधारकर “नीलम बंबोडे, स्व. बलिराम बंबोडे के पुत्र” दर्ज करने को कहा गया।