बिलासपुर… नशे के कारोबार के खिलाफ जारी अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने नशीली टेबलेट की बिक्री करने की तैयारी में जुटे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में नाईट्रोजेपम नाईट्रा टेबलेट बरामद की गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि भैरव बाबा मंदिर स्थित पुष्प वाटिका के पास एक युवक संदिग्ध हालत में घूम रहा है और नशीली टेबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी नवीन कुमार बैसवाड़े निवासी उसराभाठा नेवसा के कब्जे से 13 नग नाईट्रा टेबलेट बरामद की गई। जब्त टेबलेट की कीमत लगभग 57 हजार 200 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

मामले में यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी नशीली दवाओं की आपूर्ति कहां से कर रहा था और उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी विष्णु यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।