बिलासपुर।शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संस्कृत विभाग द्वारा वाल्मीकि जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्कृत विभाग की स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर की छात्राओं ने श्रीराम दरबार की आकर्षक झांकी सजाकर उत्साह एवं श्रद्धा के साथ शोभायात्रा निकाली।

सर्वप्रथम कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. आर. कमलेश ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता, हनुमान, जामवंत एवं शबरी आदि की वेशभूषा धारण करने वाली प्रतिभागी छात्राओं का पुष्पमालाओं से स्वागत कर किया,शोभायात्रा के दौरान छात्राएं हाथों में आरती एवं पुष्पों से सजी थालियां लेकर उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुईं, तथा प्रसाद वितरण किया।

रामायण के पात्रों की वेशभूषा में सजी छात्राओं ने भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था एवं परंपराओं की मनमोहक प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर संस्कृत की विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा पाण्डेय ने भारतीय ज्ञान परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को महर्षि वाल्मीकि के जीवन, उनके साहित्यिक योगदान एवं वाल्मीकि जयंती के महत्व से अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण भारतीय संस्कृति, आदर्श जीवन मूल्यों एवं नैतिक शिक्षा की अमूल्य धरोहर है।

इसके पश्चात शोभायात्रा ने महाविद्यालय के विभिन्न विभागों का भ्रमण किया तथा संस्कृत विभाग में इसका समापन हुआ। आयोजन के माध्यम से छात्राओं को भारतीय सांस्कृतिक की विरासत एवं महान ऋषि परंपरा से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया गया।