बिलासपुर/कोटा… पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुआ विवाद जानलेवा हमले तक पहुंच गया। कोटा में एक वेल्डिंग दुकान के पास युवक पर चाकू से तीन-चार बार वार किए गए। हमलावर ने गला काटकर मार डालने की धमकी भी दी। पीड़ित ने हाथों से वार रोकने की कोशिश की, जबकि एक अन्य आरोपी ने डंडे से उसकी पीठ और भुजा पर हमला किया। मामले में कोटा पुलिस ने अपराध दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, घटना 26 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे की है। पीड़ित अपना पिकअप वाहन बनवाने शिव वेल्डिंग दुकान गया था। इसी दौरान कोमल साहू, नितेश साहू और गिरिजा शंकर दुबे वहां पहुंचे। आरोप है कि नितेश ने पीड़ित को पकड़ लिया, जिसके बाद कोमल साहू ने चाकू निकालकर गला काटने और जान से मारने की धमकी दी। उसने पीड़ित पर तीन-चार बार चाकू से वार किए। पीड़ित ने हाथों से बचाव किया। वहीं, गिरिजा शंकर दुबे ने डंडे से उसकी पीठ और भुजा पर हमला किया।

पीड़ित की शिकायत पर कोटा थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5), 61 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कोमल साहू, नितेश साहू, गिरिजा शंकर दुबे और देवेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक धारदार चाकू, लकड़ी का डंडा और घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल CG 11 BQ 7102 जब्त की गई है।

चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप साहू, सहायक उपनिरीक्षक शिव साहू तथा आरक्षक धर्मेंद्र साहू, सोम कुमार उइके, जलेश्वर साहू और मोहन सिंह ध्रुव की भूमिका रही।