बिलासपुर..चरित्र शंका को लेकर रची गई एक खूनी साजिश का खुलासा करते हुए कोटा पुलिस ने युवक की हत्या के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि आरोपियों ने पहले युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डाला, फिर उसके साथ मारपीट की और बाद में पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार 4 जून की शाम मृतक निखिल गोस्वामी अपने साथियों के साथ होटल फोर सीजन के आगे कच्चे मार्ग पर बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों में सवार चार युवक वहां पहुंचे और निखिल को घेर लिया। आरोप है कि मुख्य आरोपी दीपक दास उर्फ भोला ने निखिल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया, जिसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर उसकी पिटाई शुरू कर दी।

घटना की सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो निखिल गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके सिर पर बड़े पत्थर से वार किया गया था। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर कोटा पुलिस ने जांच शुरू की। लगातार पतासाजी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने फरार चल रहे चारों आरोपियों दीपक दास उर्फ भोला, निखिल राव उर्फ निक्कू, करण दास मानिकपुरी और कुश साहू उर्फ बुतरू को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे चरित्र शंका का विवाद सामने आया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।