बिलासपुर…संविधान दिवस पर बुधवार को बिलासपुर जिले में जिला कार्यालय से लेकर शैक्षणिक संस्थानों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कहीं अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर जनसेवा का संकल्प लिया तो कहीं विद्यार्थियों ने संविधान के आदर्शों को समझा। विद्यालयों में प्रस्तावना वाचन और चित्रकला प्रतियोगिताओं के जरिए लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता और नागरिक कर्तव्यों का संदेश दिया गया। वहीं महाविद्यालयों में युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

जिला कार्यालय में अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने अधिकारी-कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। उन्होंने संवैधानिक आदर्शों के अनुरूप शासकीय दायित्व निभाने और आम नागरिकों के काम संवेदनशीलता व जिम्मेदारी से करने का संकल्प दिलाया। इस दौरान संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को व्यवहार में अपनाने पर जोर दिया गया। संभागायुक्त कार्यालय, एसएसपी कार्यालय, जिला पंचायत और नगर निगम सहित अन्य शासकीय कार्यालयों में भी संविधान दिवस मनाया गया।

लखीराम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में छात्रावासी छात्र-छात्राओं और नागरिकों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर करियर निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने भविष्य के प्रति सजग रहने और लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भाषण और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी दी।

सीएमडी महाविद्यालय में आयोजित ‘विकसित भारत युवा संवाद’ में नशामुक्त युवा और विकसित भारत की थीम पर चर्चा हुई। पद्मश्री पंडित रामलाल बरेठ ने कहा कि साधना, एकाग्रता और आत्म-अनुशासन से नशे जैसी सामाजिक बुराई पर विजय पाई जा सकती है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय सिंह ने भी विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।

जिले के विभिन्न शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में भी संविधान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। चांटीडीह, सरकंडा, कोनी, सरवानी, फरहदा, चकरभाठा, भरारी, दर्रीघाट, तेंदुआ और कोटा सहित अनेक विद्यालयों में विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। कई स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिताएं भी हुईं। विद्यार्थियों ने संविधान, लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति से जुड़े चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। स्काउट्स एवं गाइड्स के विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रमों में भाग लिया।