CG News।​सक्ती। सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम डोमाडीह में युवक महेश केवट की तालाब में डूबने से हुई मौत के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है।

मिली जानकारी मुताबिक पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक और हसौद थाने में प्रशिक्षण ले रहे जयराम साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है।

पूरे मामले की जांच के लिए प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), डभरा/चंद्रपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।

​हसौद थाना क्षेत्र के डोमाडीह गांव में आधी रात को हुई पुलिस की कार्रवाई के दौरान लापता हुए महेश केंवट का शव 48 घंटे बाद तालाब से बरामद होने के बाद मामला और तूल पकड़ गया है।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और ग्रामीणों का गुस्सा भी भड़क उठा। आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने पुलिस की कथित मारपीट और कार्रवाई में शामिल कर्मियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए चक्काजाम कर दिया।

​जानकारी के मुताबिक, डोमाडीह गांव में सोमवार रात करीब दो बजे कुछ युवक ताश खेल रहे थे। इसी दौरान हसौद पुलिस की टीम वहां पहुंची।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने युवकों के साथ मारपीट की और टीम के साथ कुछ निजी व्यक्ति भी मौजूद थे, जिन्होंने युवकों व ग्रामीणों से मारपीट की।

इसी बीच पुलिस की कार्रवाई से घबराकर महेश केंवट पास के तालाब में कूद गया, जिसके बाद वह लापता हो गया। अगले दिन तालाब में महेश का जैकेट मिलने से उसके डूबने की आशंका गहराई और तलाश तेज की गई। आखिरकार 48 घंटे बाद तालाब से उसका शव निकाला गया।

​महेश की मौत के बाद स्वजन पुलिस की कार्रवाई को लेकर कड़ा जवाब मांग रहे हैं। उनकी मांग है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों और कथित तौर पर साथ मौजूद निजी व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।

साथ ही प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो। परिजनों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

​ग्रामीणों के चक्काजाम की सूचना मिलते ही जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू भी मौके पर पहुंचे और स्वजनों की मांगों का समर्थन करते हुए आंदोलन में शामिल हुए।

युवक की मौत के बाद ग्रामीणों के बीच यह बड़ा सवाल बना हुआ है कि आधी रात को हुई पुलिस कार्रवाई के दौरान आखिर क्या हालात बने, जिसके चलते युवक तालाब में कूदा और उसकी जान चली गई। फिलहाल मामले में पुलिस की जवाबदेही तय करने और निष्पक्ष जांच की मांग जोर पकड़ रही है।