बिलासपुर… संविधान की असली ताकत ‘हम भारत के लोग’ में निहित है। संविधान में दिए गए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्श तभी सार्थक होंगे, जब प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों का भी पालन करे। यह बात छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र ने संविधान दिवस पर आयोजित समारोह में कही।

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में गुरुवार को संविधान दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह में मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र मुख्य अतिथि और न्यायमूर्ति पार्थ प्रतीम साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस वर्ष संविधान दिवस की थीम ‘हम भारत के लोग : संवैधानिक मूल्यों के माध्यम से भारत को सशक्त बनाना’ रखी गई थी।

समारोह की शुरुआत संविधान के प्रमुख शिल्पकार डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान संविधान निर्माताओं के योगदान को याद करते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता जताई गई।

अपने संबोधन में मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि संविधान की शक्ति केवल उसके प्रावधानों में नहीं, बल्कि उन मूल्यों में है जिन्हें देश के नागरिक अपने जीवन और व्यवहार में अपनाते हैं। संवैधानिक आदर्शों की रक्षा और उन्हें आगे बढ़ाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने एक सशक्त, समावेशी और न्यायपूर्ण भारत के निर्माण के लिए मौलिक कर्तव्यों के पालन पर भी जोर दिया।

न्यायमूर्ति पार्थ प्रतीम साहू ने कहा कि संविधान में मिले मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों का निर्वहन भी उतना ही जरूरी है। संवैधानिक आदर्श केवल पुस्तकों और संस्थागत व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका प्रभाव सामाजिक जीवन और हर व्यक्ति के रोजमर्रा के आचरण में भी दिखाई देना चाहिए।

कार्यक्रम में हाईकोर्ट के न्यायमूर्तिगण, महाधिवक्ता, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल, छत्तीसगढ़ राज्य अधिवक्ता परिषद और हाईकोर्ट अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री के अधिकारी, न्यायिक अधिकारी और अधिवक्तागण उपस्थित रहे।