बिलासपुर— स्वास्थ्य विभाग संयुक्त संचालक ने कोरोना समाचार संकलन को लेकर गाइड लाइन पालन किए जाने को कहा है। संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ सुरेश तिवारी ने बिन्दुवार जानकारी साझा किया है। दिशा निर्देश में कोरोना समाचार प्रकाशन और संकलन के दौरान संवेदनशीलता के साथ  ही गोपनीयता का पालन करने को कहा है।
 स्वास्थ्य विभाग ने संभावित कोरोना की स्थिति को देखते हुए पत्रकारों को विशेष दिशा निर्देशों का पालन करने को कहा है। बिन्दुवार जानकारी साझा कर संयुक्त संचालक सुरेश तिवारी ने निर्देश दिया है कि समाचार संकलन के दौरान भय स्थिति नही पैदा किया जाए। साथ ही इस दौरान संवेदनशीलता का भी ध्यान रखा जाए। मरीजों का नाम अनावश्यक सार्वजनिक करने से भी बचा जाए।
स्वास्थ्य महकमें ने जारी किया निर्देश 
1) सटीक जानकारी– समाचार में दी गई जानकारी सटीक और विश्वसनीय होनी चाहिए। अफवाहों और गलत खबरों से बचना चाहिए।
2)गोपनीयता का सम्मान– मरीज की व्यक्तिगत जानकारी और गोपनीयता का सम्मान करना होगा। नाम, पदनाम का भी उल्लेख नहीं होना चाहिए। मरीज की पहचान किसी भी प्रकार से उजागर नहीं किया जाए।
3)संवेदनशीलता– समाचार में संवेदनशीलता और सहानुभूति का ध्यान रखना होगा। मरीज और परिवार के प्रति सहानुभूति रखें।
4) स्वास्थ्य विशेषज्ञों की राय- समाचार में स्वास्थ्य विशेषज्ञों की राय और सलाह शामिल करना होगा। इससे सटीक जानकारी मिलेगी।
5) निवारक उपाय–समाचार में बचने के उपायों की जानकारी हो। जैसे मास्क पहनना, हाथ धोना, और सामाजिक दूरी बनाए रखना।
6) सरकारी निर्देशों का पालन–समाचार में सरकारी निर्देशों और सलाह का पालन करना होगा। ताकि सभीको सटीक जानकारी मिले।
7) भय और आतंक से बचना–समाचार में भय और आतंक फैलाने से बचना है। लोगों में अनावश्यक चिंता और तनाव नहीं पैदा हो।