CG News।छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक दिल दहला देने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है. मैनपाट थाना क्षेत्र में शादी के महज चार महीने बाद ही एक नवविवाहिता ने जहरीला पदार्थ (चूहे मारने की दवा) खा लिया।

Cg news।जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर प्रताड़ना, मारपीट और गला दबाकर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं.

यह खौफनाक वारदात मैनपाट थाना क्षेत्र के ग्राम लुरैना की है. मृतका की पहचान वर्षा यादव (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सूरजपुर जिले के वार्ड क्रमांक 13, प्रगतिनगर की रहने वाली थी. वर्षा की शादी 1 मई 2026 को मैनपाट के लुरैना निवासी अजय यादव के साथ संपन्न हुई थी.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे वर्षा ने अपने पिता उमेश यादव के मोबाइल पर व्हाट्सऐप (WhatsApp) मैसेज भेजा, जिसमें उसने लिखा था कि “वह अब जीना नहीं चाहती.”

इसके तुरंत बाद उसने घर में रखी चूहे मारने की दवा का सेवन कर लिया. घटना की जानकारी मिलने पर ससुराल वालों ने मायके पक्ष को सूचित किया और वर्षा को इलाज के लिए मिशन अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मंगलवार (22 सितंबर) को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

नवविवाहिता की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. मृतका के पिता उमेश यादव ने पुलिस को दिए बयान में ससुराल पक्ष पर दहेज और शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं.

मायके पक्ष का दावा है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे लगातार परेशान कर रहे थे. 15 सितंबर को भी वर्षा ने फोन पर रोते हुए बताया था कि उसके पति अजय यादव ने उसके पेट पर चढ़कर गला दबाने का प्रयास किया था.

अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम (Post-Mortem) के लिए भिजवा दिया है.

मैनपाट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के मायके पक्ष के बयान दर्ज कर लिए गए हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और गवाहों के बयानों के आधार पर दोषियों के खिलाफ वैधानिक और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.