Cg news।रायपुर। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे शोएब ढेबर की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई हुई है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बनाई गई योजना और गोपनीय जानकारी लीक होने के आरोपों के बीच निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने निलंबन आदेश जारी किया है।

यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की ओर से 30 अक्टूबर को भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।

जानकारी के अनुसार, तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 के मामले में निरीक्षक विनीत दुबे के संदिग्ध आचरण को निलंबन का आधार बनाया गया है।

आरोप है कि फरार शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जो योजना तैयार की थी, उसकी गोपनीय जानकारी लीक हो गई।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने खम्हारडीह इलाके में दबिश देकर शोएब को गिरफ्तार करने की योजना बनाई थी, लेकिन कार्रवाई से पहले ही आरोपी वहां से निकल गया।

गोपनीय सूचना लीक होने की आशंका के बाद पुलिस विभाग ने मामले की जांच शुरू की थी। इससे पहले एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी निलंबित किया जा चुका है। अब निरीक्षक विनीत दुबे के निलंबन के बाद यह मामला फिर चर्चा में है।

शोएब ढेबर पर कुल 15 हजार रुपये का इनाम

शोएब ढेबर कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने के मामले में फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

इससे पहले सेंट्रल डीसीपी की ओर से पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस तरह आरोपी की सूचना देने वाले के लिए कुल इनाम की राशि 15 हजार रुपये हो गई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के संबंध में पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति को घोषित इनाम दिया जाएगा। पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई है।

क्या है 25 करोड़ की रंगदारी का मामला?

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 14 सितंबर को आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। संदेश भेजने वाले ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। साथ ही शिकायतकर्ता, उसके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शोएब ढेबर को पकड़ा था। उसके कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन जब्त किए गए थे, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई थी।

इसके बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया। बाद में पुलिस ने मामले में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए अदालत का रुख किया, जिसे मंजूरी मिल गई थी। इसके बाद से शोएब ढेबर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले में गोपनीय जानकारी लीक होने की जांच भी जारी है।