Cg news ।कोरबा। नगर निगम कोरबा क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर बरती जा रही गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता पर निगम प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।

रविशंकर शुक्ल नगर एवं दर्री जोन में स्वच्छता का ठेका लेने वाली एजेंसी ‘कोरबा ग्रीन नर्सरी’ (आदिले चौक, कोरबा) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगम आयुक्त ने कंपनी का अनुबंध तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।

इसके साथ ही कंपनी की अमानत और अंतर राशि को ब्याज सहित राजसात करने तथा आगामी दो वर्षों तक निगम की किसी भी निविदा में भाग लेने पर प्रतिबंधित कर दिया गया है।

संबंधित ठेका कंपनी द्वारा रविशंकर शुक्ल नगर और दर्री जोन क्षेत्र की साफ-सफाई का जिम्मा संभाला गया था।

निगम प्रशासन द्वारा पूर्व में लगातार निर्देश और नोटिस जारी किए जाने के बावजूद जोन की सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं देखा गया।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब 06 नवंबर 2026 को रविशंकर जोन के सभी वार्डों के सफाईकर्मी सामूहिक रूप से हड़ताल पर चले गए। इस कारण उक्त क्षेत्र का सफाई कार्य पूरी तरह प्रभावित हुआ और आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

आरोप है कि इस दौरान कंपनी प्रबंधकों द्वारा निगम अधिकारियों के निर्देशों और फोन कॉल्स को भी नजरअंदाज किया गया, जिसे अधिकारियों की सीधी अवमानना माना गया है।

एक वर्ष की कार्यावधि पूरी होने के बाद कंपनी ने पूर्व स्वीकृत दरों और अनुबंध की शर्तों के तहत ही समयवृद्धि की सहमति दी थी।

इसके बावजूद कार्यशैली में सुधार न आने पर निगम द्वारा कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। हालांकि, कंपनी की ओर से प्रस्तुत किया गया स्पष्टीकरण निगम प्रशासन को संतोषप्रद नहीं लगा।

निगम का कहना है कि कंपनी द्वारा अनुबंध की कंडिका क्रमांक 03 की विभिन्न उपकंडिकाओं (01, 03, 07, 10, 13, 24, 26, 27, 29 एवं 36) में निहित प्रावधानों का गंभीर उल्लंघन किया गया है।

पूर्व में भी आवंटित कार्यक्षेत्र से लगातार स्वच्छता संबंधी शिकायतें मिल रही थीं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि कंपनी की स्वच्छता कार्यों में कोई रुचि नहीं है।

नियमों और अनुबंध की शर्तों का पालन न होने तथा मूलभूत सेवाओं में लगातार व्यवधान उत्पन्न किए जाने के कारण नगर निगम कोरबा ने कड़ा कदम उठाया है।

आदेश के तहत ठेका कंपनी के स्वच्छता कार्यों के सभी कार्यादेशों को तुरंत प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। निविदा के समय जमा की गई अमानत राशि और अंतर राशि को मय ब्याज के राजसात कर लिया गया है।

अगली निविदा में अंतर की क्षतिपूर्ति की राशि कंपनी के अन्य लंबित बिलों या उपलब्ध सुरक्षा राशि से वसूली जाएगी। कंपनी को नगर पालिक निगम कोरबा की आगामी निविदाओं में भाग लेने से 02 वर्ष की अवधि के लिए प्रतिबंधित (ब्लैकलिस्ट) कर दिया गया है।