रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने सख्त रुख अपनाया है।

विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) ऐप के माध्यम से रोजाना ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले लोक सेवकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई में हो रही देरी पर संचालनालय ने नाराजगी जताई है।

इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को पत्र जारी कर तीन दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

संचालनालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद जिला स्तर से अब तक अपेक्षित जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।

VSK ऐप पर उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले लोक सेवकों की संलग्न सूची के आधार पर उनके विरुद्ध जारी किए जाने वाले आरोप-पत्र समय पर तैयार नहीं किए जा रहे हैं।

इसके चलते संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई में अनावश्यक विलंब हो रहा है।

DPI ने इस स्थिति को गंभीर मानते हुए स्पष्ट किया है कि जानकारी और आरोप-पत्र उपलब्ध कराने में हो रही देरी के लिए संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी जिम्मेदार होंगे। संचालनालय ने जिला स्तर पर इस काम में बरती जा रही ढिलाई पर कड़ी आपत्ति जताई है।

तीन दिन के भीतर आरोप-पत्र भेजने के निर्देश

लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी DEO को निर्देश दिया है कि बिना किसी और देरी के तीन दिनों के भीतर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए आवश्यक आरोप-पत्रादि तैयार कर संचालनालय को उपलब्ध कराएं।

पत्र में चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय-सीमा में जानकारी और दस्तावेज नहीं भेजे जाने पर इसे पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में जानबूझकर की गई देरी माना जाएगा। ऐसी स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।