CG NEWS:सूरजपुर। सूरजपुर पुलिस ने जेडएफटी टोकन के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले दो लोगों, मोहम्मद जावेद अख्तर और प्रीतम कुमार को गिरफ्तार किया है। यह मामला भटगांव के वार्ड नंबर 12, इमलीपारा के रहने वाले अनिल कुमार ने दर्ज कराया।

अनिल कुमार पिता जनगडना राम ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनके पिता पिछले साल एसईसीएल से रिटायर हुए थे और उन्हें रिटायरमेंट का पैसा मिला था । जनवरी 2025 में भटगांव मार्केट में उनकी मुलाकात जावेद और प्रीतम से हुई। दोनों ने खुद को क्रिप्टो करेंसी का जानकार बताया और कहा कि जैसे 2009 में बिटकॉइन की कीमत 7 रुपये थी जो अब 80-90 लाख तक पहुंच गई, वैसे ही जेडएफटी टोकन में पैसा लगाने से भारी मुनाफा होगा। उन्होंने दावा किया कि टोकन की कीमत अभी 100 डॉलर है और भविष्य में यह कई गुना बढ़ सकती है।

आरोपियों ने अनिल के पिता को हर महीने 10-12% मुनाफे का लालच दिया और कहा कि अगर वे दूसरों को भी इस स्कीम में जोड़ेंगे तो लेवल प्रॉफिट, रिवॉर्ड और रॉयल्टी के रूप में विदेश यात्रा जैसे फायदे मिलेंगे। भरोसा दिलाने के लिए उन्होंने मेटा मास्क वॉलेट में एक आईडी बनवाई और टोकन के जरिए वॉलेट को एक्टिव करने की बात कही।

इस झांसे में आकर अनिल के पिता ने फोन पे और बैंक खाते के जरिए 7 लाख 75 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में पता चला कि यह सब धोखा था। अनिल की शिकायत पर पुलिस ने 11 अप्रैल 2025 को मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।

डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की गई ।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो और डीएसपी रितेश चौधरी के मार्गदर्शन में भटगांव पुलिस ने छापा मारकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।पकड़े गए आरोपियों में मोहम्मद जावेद अख्तर (40 साल, खैगड़िया, बिहार) और प्रीतम कुमार (41 साल, मथुरापुर, खैगड़िया, बिहार) के पास से एक मोबाइल, लैपटॉप और कार बरामद की गई।

पूछताछ में पता चला कि इन लोगों ने कई अन्य लोगों से भी लाखों रुपये की ठगी की है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि बाकी पीड़ितों कुछ जानकारी और साक्ष्य जुटाए जा सकें।

इस कार्यवाही में निरीक्षक अमित कौशिक, थाना प्रभारी भटगांव सरफराज फिरदौसी, एएसआई राकेश यादव, बजरंगी चौहान, प्रधान आरक्षक आनंद कुमार सिंह, उदय सिंह, आरक्षक रौशन सिंह, युवराज यादव, विनोद सारथी, विकास पटेल, संतोष जायसवाल, दिनेश ठाकुर, ताराचंद यादव, अभय तिवारी, महेन्द्र प्रताप सिंह व पंकज आर्मो सक्रिय रहे।