बिलासपुर। नगर निगम में अधिकारियों की कमी का रोना है, लेकिन मलाईदार विभागों की जिम्मेदारी बांटने में कोई कमी नहीं! स्थापना शाखा हो, जोन कमिश्नर की जिम्मेदारी हो, लेन-देन से जुड़ी शाखाएं हों या स्वास्थ्य और सफाई विभाग—शहर में चर्चा है कि महत्वपूर्ण विभागों का जिम्मा कुछ चुनिंदा अधिकारियों के बीच ही सिमट गया है। एक अधिकारी के पास आधा दर्जन तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होने की बात कही जा रही है। सवाल यह है कि क्या नगर निगम में काबिल अधिकारियों का इतना टोटा है कि पूरा निगम चंद चेहरों के भरोसे छोड़ दिया गया है? या फिर जिम्मेदारियों का बंटवारा इस तरह किया गया है कि मलाईदार विभागों पर समान विचारधारा वाले अधिकारियों का कब्जा बना रहे? जिस निगम को शहर की व्यवस्था संभालनी चाहिए, उसकी अपनी व्यवस्था ही सवालों में है। हालत देखकर लगता है कि निगम को बाहर के लोगों ने नहीं, बल्कि भीतर बैठे जिम्मेदारों ने ही कबाड़ बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

चंद अधिकार में  मलाईदार विभागों का बंटवारा

नगर निगम में स्थापना शाखा, जोन कमिश्नर, लेन-देन से जुड़ी शाखाएं, स्वास्थ्य विभाग और सफाई व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विभाग प्रशासनिक और आर्थिक दृष्टि से बेहद अहम हैं। इन विभागों में नियुक्ति, कार्य आवंटन, भुगतान, ठेकों की निगरानी और प्रशासनिक निर्णयों से जुड़े महत्वपूर्ण काम होते हैं। लेकिन सवाल उठ रहा है कि इन सभी जिम्मेदारियों का भार कुछ चुनिंदा अधिकारियों के पास ही क्यों है? क्या निगम में दूसरे अधिकारी इन विभागों को संभालने योग्य नहीं हैं? यदि अधिकारी उपलब्ध नहीं हैं तो विभागों का विकेंद्रीकरण क्यों नहीं किया जाता? और यदि अधिकारी उपलब्ध हैं तो उन्हें जिम्मेदारी से दूर रखने का आधार क्या है?

चर्चा यह भी है कि निगम में जिम्मेदारियों का बंटवारा योग्यता और प्रशासनिक जरूरत के बजाय आपसी तालमेल और पसंद के आधार पर हो रहा है। जिन विभागों में ठेके, भुगतान और अन्य महत्वपूर्ण निर्णय होते हैं, वहां बार-बार उन्हीं अधिकारियों को जिम्मेदारी मिलना कई तरह के संदेह पैदा करता है। एक ही अधिकारी के पास कई महत्वपूर्ण शाखाओं का प्रभार होने से निगरानी और जवाबदेही की व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। आखिर विभाग चलाने के लिए अधिकारी नियुक्त किए गए हैं या कुछ अधिकारियों के प्रभाव को बनाए रखने के लिए विभागों का बंटवारा किया जा रहा है?

पौधे शहर के लिए आए, अधिकारियों की कॉलोनियों में लग गए!

पिछले महीने नगर निगम ने पौधरोपण अभियान चलाया। शहर को हरा-भरा बनाने के दावे किए गए। जानकारी के मुताबिक, करीब 1001 पौधे सीएसआर मद से प्राप्त हुए थे। लेकिन पौधों के वितरण और वास्तविक उपयोग को लेकर शहर में सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि अभियान के दौरान अधिकारियों ने अपने-अपने आवासीय क्षेत्रों और कॉलोनियों को प्राथमिकता दी। छह फीट से अधिक ऊंचाई वाले पाइप सहित बड़े पौधे उन इलाकों में लगाए गए, जहां अधिकारियों के नए आवास बने हैं। गोकुलधाम क्षेत्र में भी पौधे लगाए जाने का दावा है, जबकि शेष पौधों को अन्य स्थानों पर लगाए जाने की बात कही गई है।

सवाल यह है कि पौधरोपण अभियान का वास्तविक लाभ शहर के आम नागरिकों को कितना मिला? जिन सार्वजनिक स्थानों पर हरियाली की जरूरत थी, वहां कितने पौधे पहुंचे? क्या सीएसआर से मिले पौधों के वितरण की कोई सार्वजनिक सूची है? पौधे किस वार्ड में कितने लगाए गए, उनकी देखरेख की जिम्मेदारी किसे दी गई और अब तक कितने पौधे जीवित हैं? यदि शहर के लिए मिले पौधों का बड़ा हिस्सा अधिकारियों की कॉलोनियों में पहुंच गया तो यह अभियान जनहित से ज्यादा अधिकारियों की सुविधाओं के आसपास सिमटता दिखाई देगा।

  • सफाई के नाम पर भुगतान, शहर में सफाई का पता नहीं!

नगर निगम की सफाई व्यवस्था भी कम सवालों में नहीं है। बड़ी कंपनियों को सफाई का जिम्मा दिया गया है। आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारी ही सफाई व्यवस्था से जुड़ी कंपनियों के भुगतान की प्रक्रिया भी देखते हैं। लेकिन शहर की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों की स्थिति देखकर सवाल उठता है कि इन कंपनियों का काम आखिर दिखाई कहां देता है? नागरिकों की शिकायत है कि नियमित सफाई के बजाय कभी-कभार कर्मचारी या वाहन दिखाई दे जाएं तो बड़ी बात है।

यदि कंपनियों को नियमित भुगतान हो रहा है तो उनके काम का मूल्यांकन कौन करता है? कितने कर्मचारी रोजाना मैदान में उतरते हैं? कितने वाहन काम पर लगाए जाते हैं? सफाई का निरीक्षण किस अधिकारी की जिम्मेदारी है? और निरीक्षण के बाद भुगतान की मंजूरी कौन देता है? जब स्वास्थ्य विभाग, सफाई व्यवस्था और भुगतान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां एक ही अधिकारी के पास हों तो स्वतंत्र निगरानी की व्यवस्था कितनी प्रभावी रह जाती है? यह जांच का विषय है।

सफाई व्यवस्था और कंपनियों की कार्यप्रणाली का मुद्दा बिलासपुर प्रवास के दौरान नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा के सामने भी पत्रकारों ने उठाया था। इसके बावजूद शहर में अपेक्षित बदलाव दिखाई नहीं देना निगम की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

ठेकेदारों का काम या अधिकारियों का प्रभाव?

नगर निगम में ठेका आवंटन को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। आरोप लगाए जा रहे हैं कि कुछ प्रभावशाली अधिकारियों के इर्द-गिर्द ठेकेदारों का एक ऐसा तंत्र सक्रिय है, जहां मनमाफिक काम और सुविधाएं मिलने की शिकायतें सामने आती रही हैं। सरकारी पद पर बैठे अधिकारी की जिम्मेदारी काम की गुणवत्ता, नियमों का पालन और सार्वजनिक धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यदि कोई अधिकारी प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से ठेकेदारी से जुड़े हितों में शामिल है तो यह गंभीर हितों के टकराव का मामला है।

सवाल यह भी है कि क्या ठेकों की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है? क्या काम की गुणवत्ता का स्वतंत्र परीक्षण होता है? क्या भुगतान वास्तविक काम के अनुपात में किया जाता है? निगम के ठेकों, भुगतान और संबंधित अधिकारियों के हितों की जांच हो तो कई परतें खुल सकती हैं। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि के लिए दस्तावेजी जांच और संबंधित पक्षों का जवाब जरूरी है।

जेसीबी-ट्रैक्टर प्रकरण की जांच का नतीजा कहां?

नगर निगम के एक अधिकारी को लेकर तिफरा में पदस्थापना के दौरान जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की बिक्री से जुड़े आरोप भी चर्चा में रहे हैं। इस मामले में जांच की बात सामने आती रही है, लेकिन उसका अंतिम परिणाम अब तक सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं है। जांच किस स्तर पर पहुंची? जिम्मेदारी तय हुई या मामला फाइलों में ही उलझा हुआ है? यदि किसी अधिकारी के खिलाफ गंभीर शिकायत की जांच चल रही है तो उसी अधिकारी को महत्वपूर्ण विभागों का प्रभार देने के औचित्य पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।

इसी अधिकारी के अधीनस्थ शाखाओं में रिश्तेदारों के कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में काम करने को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। यदि नियुक्ति, पदस्थापना या कार्य आवंटन में नियमों का उल्लंघन हुआ है तो इसकी जांच होनी चाहिए। सरकारी कार्यालय किसी अधिकारी या उसके परिवार का निजी प्रतिष्ठान नहीं हो सकता। हर नियुक्ति और हर जिम्मेदारी नियमों के दायरे में होनी चाहिए।

जमीन के खेल में एक निलंबन, बाकी सवाल जस के तस!

कुछ महीने पहले जमीन से जुड़े कथित हेरफेर और कब्जे के खेल को लेकर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें सरकारी जमीन को प्रभावित करने और कब्जे से जुड़े आरोपों की चर्चा सामने आई थी। मामला सामने आने के बाद एक अधिकारी को निलंबित भी किया गया। लेकिन सवाल यह है कि कार्रवाई सिर्फ एक अधिकारी तक सीमित रही या पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश हुई? सरकारी जमीन के रिकॉर्ड में गड़बड़ी कैसे हुई, किसकी भूमिका रही और जिन लोगों को इससे लाभ मिला, उन पर क्या कार्रवाई हुई?

नगर निगम क्षेत्र में नजूल और शासकीय जमीनों को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं। कहीं रिकॉर्ड पर सवाल उठते हैं तो कहीं अतिक्रमण को लेकर विवाद होता है। ऐसे मामलों में केवल एक कर्मचारी या अधिकारी को निलंबित कर देना पर्याप्त नहीं है। यह भी देखना होगा कि जमीन के हेरफेर से लाभ किसे मिला और पूरे मामले में कौन-कौन शामिल था। वरना कार्रवाई का संदेश तो जाएगा, लेकिन व्यवस्था में बदलाव नहीं आएगा।

पुरस्कारों की चमक, हकीकत से कितनी दूर?

नगर निगम को मिलने वाले पुरस्कार और सम्मान भी अब सवालों के घेरे में हैं। यदि शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल हैं, पौधरोपण के स्थानों को लेकर विवाद है, सरकारी जमीनों पर कब्जे की शिकायतें हैं और ठेकों की निगरानी पर संदेह है तो पुरस्कारों की चमक के साथ इन सवालों का जवाब भी जरूरी है। आखिर सम्मान की असली कसौटी समारोहों में मिलने वाली ट्रॉफी नहीं, बल्कि शहर की सड़कें, सफाई, हरियाली और नागरिकों को मिलने वाली सुविधाएं हैं।

कमिश्नर की कुर्सी, चंद अधिकारियों का दबदबा!

नगर निगम में कमिश्नर का पद सर्वोच्च प्रशासनिक जिम्मेदारी वाला है। ऐसे में सवाल यह है कि विभागों का संचालन, ठेकों की निगरानी, भुगतान, पौधरोपण और सरकारी जमीनों की सुरक्षा की जवाबदेही किस स्तर पर तय है? यदि हर महत्वपूर्ण काम कुछ चुनिंदा अधिकारियों के इर्द-गिर्द घूम रहा है तो कमिश्नर की निगरानी व्यवस्था की भूमिका क्या है? क्या विभागों की नियमित समीक्षा होती है? क्या एक अधिकारी के पास आधा दर्जन महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होने के औचित्य की समीक्षा की गई है?

शहर में यह चर्चा अब तेज है कि नगर निगम का कामकाज चंद अधिकारियों के प्रभाव में सिमटता जा रहा है। कहीं पौधे अधिकारियों की कॉलोनियों में पहुंच जाते हैं, कहीं सफाई कंपनियों के काम पर सवाल उठते हैं, कहीं ठेकों की प्रक्रिया संदेह के घेरे में आती है तो कहीं सरकारी जमीन की सुरक्षा पर ही प्रश्नचिह्न लग जाता है।

नगर निगम में काबिल अधिकारियों की कमी है या काबिलियत को किनारे कर चंद अधिकारियों को ही पूरे निगम की चाबी सौंप दी गई है? शहर को चलाने वाली संस्था की यह हालत आखिर किसकी जिम्मेदारी है? कमिश्नर से लेकर विभागीय अधिकारियों तक, हर स्तर पर जवाबदेही तय होनी चाहिए। क्योंकि नगर निगम को जनता के टैक्स से चलाया जाता है, किसी अधिकारी की निजी जागीर की तरह नहीं।