बिलासपुर… छत्तीसगढ़ी मनोरंजन जगत में इन दिनों एक नए म्यूजिक वीडियो को लेकर खास उत्सुकता देखी जा रही है। छत्तीसगढ़ की मिट्टी, संस्कृति और मातृभाषा के प्रति जुड़ाव को केंद्र में रखकर तैयार किया गया गीत ‘का जादू डारे गोरी रे’ जल्द ही दर्शकों के सामने आने वाला है। इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके जरिए फेमिना मिस इंडिया ईस्ट डॉ. अनुष्का सोन और राज चंद्राकर पहली बार किसी म्यूजिक वीडियो में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। दोनों ही कलाकारों के लिए यह म्यूजिक वीडियो जगत में एक नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

अभिनय की दुनिया में आने को लेकर डॉ. अनुष्का सोन पहले भी विभिन्न मीडिया और समाचार साक्षात्कारों में यह बात कह चुकी थीं कि वह अपने अभिनय करियर का आगाज छत्तीसगढ़ की धरती और अपनी मातृभाषा से करना चाहती हैं। ‘का जादू डारे गोरी रे’ के माध्यम से उनकी यह इच्छा पूरी होने जा रही है। अपनी भाषा और संस्कृति से जुड़े गीत के जरिए शुरुआत करना उनके जुड़ाव और सम्मान को भी दर्शाता है, जिसे क्षेत्रीय दर्शकों के बीच सकारात्मक रूप से देखा जा रहा है।

मया मया होगे के गायकों ने दी आवाज

संगीत की बात करें तो इस गीत को आचार्य साहू और अनीता मंडल ने अपनी आवाज दी है। दोनों गायक इससे पहले अपने चर्चित गीत ‘मया मया होगे’ के जरिए श्रोताओं के बीच अपनी पहचान बना चुके हैं, ऐसे में इस गीत के संगीत को लेकर भी दर्शकों की नजरें टिकी हैं। गीत का निर्देशन सुमीत बसईवाला ने किया है, जबकि इसके निर्माता अनंत कुमार हैं। इस परियोजना की रिकॉर्डिंग और संगीत निर्माण का कार्य ‘मां तारा रिकॉर्ड्स छत्तीसगढ़ी’ के बैनर तले पूरा किया गया है।