बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में सेवानिवृत्त प्राध्यापकों और कर्मचारियों की पेंशन से जुड़े 23 मामलों में बिलासपुर हाई कोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई है।

जस्टिस बीडी गुरु की सिंगल बेंच ने 20 नवंबर 2026 को याचिकाकर्ताओं और राज्य शासन, दोनों पक्षों की विस्तृत दलीलें सुनने के बाद अपना आदेश सुरक्षित रख लिया है।

अब इन मामलों में हाई कोर्ट के अंतिम फैसले का इंतजार है। इससे पहले सुनवाई के दौरान अदालत ने जुलाई और अगस्त 2026 की रोकी गई पेंशन जारी करने के संबंध में भी निर्देश दिए थे।

इन मामलों में मुख्य याचिका डॉ. राकेश कुमार तिवारी की ओर से दायर की गई है, जिसके साथ 22 अन्य याचिकाएं भी संबद्ध हैं।

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एससी वर्मा, अमृतो दास सहित अन्य अधिवक्ताओं ने पक्ष रखा। वहीं, राज्य शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता गैरी मुखोपाध्याय ने दलीलें पेश कीं।

मामले की प्रारंभिक सुनवाई 1 अक्टूबर 2026 को हुई थी। उस दौरान राज्य शासन की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए चार सप्ताह का समय मांगा गया था। इसके बाद हाई कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 30 अक्टूबर की तारीख तय की थी।

30 अक्टूबर को हुई सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ताओं ने अदालत को बताया कि 1 सितंबर 2026 को विवादित आदेश जारी होने के बावजूद जुलाई और अगस्त महीने की पेंशन रोक दी गई है।

इस पर राज्य शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता ने आश्वासन दिया कि पेंशन का सत्यापन कराया जाएगा और यदि इन महीनों की पेंशन रोकी गई है तो 5 नवंबर तक जारी कर दी जाएगी।

इसके बाद अदालत ने उच्च शिक्षा विभाग के सचिव को निर्देश दिया कि जुलाई और अगस्त की पेंशन यदि अब तक जारी नहीं हुई है तो उसे जारी कराना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही मामलों को अंतरिम राहत से जुड़े आवेदनों पर सुनवाई के लिए आगे बढ़ाया गया।

18 नवंबर को हुई सुनवाई में याचिकाकर्ताओं की ओर से विस्तृत बहस पूरी कर ली गई थी। इसके बाद राज्य शासन के अतिरिक्त महाधिवक्ता ने भी अपनी दलीलें शुरू कीं, लेकिन उन्होंने आगे की बहस के लिए समय देने का अनुरोध किया। अदालत ने इसे स्वीकार करते हुए सुनवाई 20 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दी थी।

20 नवंबर को सुनवाई के दौरान दो याचिकाकर्ताओं ने अपनी याचिकाओं के शीर्षक में संशोधन करने की अनुमति मांगी। हाई कोर्ट ने दोनों आवेदनों को स्वीकार करते हुए आवश्यक संशोधन की अनुमति दे दी। इसके बाद सभी संबद्ध मामलों में याचिकाकर्ताओं और राज्य शासन की ओर से दलीलें पूरी हुईं।

दोनों पक्षों को सुनने के बाद जस्टिस बीडी गुरु की सिंगल बेंच ने 23 याचिकाओं पर अपना आदेश सुरक्षित रख लिया। अब सेवानिवृत्त प्राध्यापकों और कर्मचारियों की पेंशन से जुड़े विवाद पर हाई कोर्ट के अंतिम निर्णय का इंतजार है।