बिलासपुर…सड़क पर तीन लाख रुपये से भरा बैग गिर जाए तो किसी के भी होश उड़ना लाजिमी है। ऊपर से शहर की भीड़भाड़ वाली सड़कों पर गिरे बैग का दोबारा मिलना किसी चमत्कार से कम नहीं। लेकिन बिलासपुर की सिटी कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से न सिर्फ बैग का रास्ता तलाश लिया, बल्कि पूरी रकम के साथ उसे उसके असली मालिक तक भी पहुंचा दिया। पुलिस की इस तत्परता ने ईमानदारी और जिम्मेदारी की एक अच्छी मिसाल पेश की है।

पुराना हाईकोर्ट के पीछे रहने वाले नरेंद्र छुगानी व्यापार विहार और तिफरा मंडी में दीपक आलू भंडार के नाम से दुकान संचालित करते हैं। सोमवार सुबह करीब 9 बजे वे अपनी एक्टिवा से दुकान जाने निकले थे। एक्टिवा में रखे बैग में तीन लाख रुपये नकद थे। टिकरापारा के मामा-भांजा तालाब के पास किसी तरह बैग सड़क पर गिर गया। कुछ देर बाद जब उन्हें बैग गायब होने का पता चला तो उनके होश उड़ गए। बैग में रखी बड़ी रकम को लेकर वे सीधे सिटी कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना बताई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग ने टीम गठित कर तलाश शुरू कराई। पुलिस ने आईटीएमएस भवन सहित शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए।

कैमरों की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस को एक अहम सुराग मिला। फुटेज में एक मोटरसाइकिल सवार सड़क पर पड़ा बैग उठाकर एक ऑटो चालक को सौंपता दिखाई दिया। इसके बाद ऑटो के नंबर के आधार पर आरटीओ कार्यालय से जानकारी जुटाई गई और चालक का पता लगाया गया। पुलिस ने उसे थाने बुलाकर बैग के संबंध में पूछताछ की। ऑटो चालक ने बताया कि उसे बैग रास्ते में गिरा मिला था। उसने बैग अपने पास रख लिया था।

पुलिस ने बैग बरामद कर कारोबारी नरेंद्र छुगानी को थाने बुलाया और तीन लाख रुपये की पूरी रकम सुरक्षित लौटाई। बैग वापस मिलने पर कारोबारी ने राहत की सांस ली। महज कुछ घंटों के भीतर सीसीटीवी फुटेज से सुराग जुटाकर रकम बरामद करना पुलिस की त्वरित कार्रवाई का उदाहरण बना।