बिलासपुर…शहर और आसपास के इलाकों में अवैध शराब के कारोबार का नेटवर्क लगातार पुलिस के निशाने पर है। इसी कड़ी में सिरगिट्टी पुलिस ने शराब की खेप लेकर जा रहे दो युवकों को आभा पावर प्लांट के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 55 पाव देशी शराब बरामद हुई है। पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लव प्रसाद भार्गव मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10 सीजी 4363 से बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर आभा पावर प्लांट के रास्ते कोरमी की ओर जाने वाला है। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और थाना प्रभारी निरीक्षक किशोर केंवट के नेतृत्व में टीम ने बताए गए रास्ते पर घेराबंदी की।

इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान लव प्रसाद भार्गव और दुर्गेश बंजारे, दोनों निवासी कोरमी सतनामी पारा, थाना सिरगिट्टी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों ने शराब बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया।

तलाशी में उनके पास से 55 पाव देशी मदिरा बरामद हुई। पुलिस ने शराब और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59(क) के तहत अपराध दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।