रामानुजगंज (पृथ्वी लाल केशरी… छठ पूजा में खरना का प्रसाद तैया करने के लिए आम की लकड़ी का विशेष धार्मिक और पारंपरिक महत्व है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए साहू समाज युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता अंकित गुप्ता ने रामानुजगंज में पहली बार छठ व्रतियों के लिए आम की लकड़ी के निःशुल्क वितरण की व्यवस्था की। गांधी मैदान में आयोजित इस वितरण कार्यक्रम की नगर में सराहना हो रही है।

छठ पूजा के दौरान मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से खरना का प्रसाद (खीर) और अन्य पकवान तैयार करने की परंपरा है। आम की लकड़ी को इस धार्मिक अनुष्ठान के लिए शुभ माना जाता है। छठ व्रतियों की इसी जरूरत को देखते हुए अंकित गुप्ता ने यह पहल की। अब तक छठ पूजा के अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से फल और पूजन सामग्री का वितरण किया जाता रहा है, लेकिन आम की लकड़ी उपलब्ध कराने की ऐसी पहल रामानुजगंज में पहली बार हुई है।

नगरवासियों का कहना है कि छठ व्रतियों की एक महत्वपूर्ण जरूरत को समझते हुए की गई यह पहल सराहनीय है। इससे व्रतधारियों को प्रसाद बनाने के लिए आवश्यक सामग्री आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। कार्यक्रम में अंकित गुप्ता की मां मीरा गुप्ता, पत्नी प्रियंका गुप्ता, पार्षद सुमित गुप्ता, विकास गुप्ता, पवन गुप्ता तथा पंडित विनय पांडे, यशपाल दुबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।