बिलासपुर… आठ-नौ साल पुरानी स्कूली रंजिश का बदला लेने के लिए तीन युवकों ने मेडिकल छात्र को अगवा कर उसके साथ जमकर मारपीट की। आरोपियों ने पहले स्नैपचैट के जरिए छात्र को मिलने के लिए घर से बाहर बुलाया। जैसे ही वह मिलने पहुंचा, आरोपियों ने हाथ मिलाने के बहाने उसका हाथ पकड़ा और जबरन कार में बैठाकर कोनी की तरफ ले गए। मौके पर पुरानी खुन्नस निकालते हुए तीनों ने छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। मामले में सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र जगदलपुर में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। त्योहार मनाने वह बिलासपुर स्थित अपने घर, नूतन चौक के पास आया हुआ था। इसी दौरान उसके पुराने स्कूली परिचितों ने स्नैपचैट पर संपर्क कर उसे मिलने बुलाया। शाम करीब पांच से छह बजे के बीच छात्र घर से बाहर निकला। उसे इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि जिन लोगों से वह मिलने जा रहा है, वे आठ-नौ साल पुरानी रंजिश का बदला लेने की तैयारी कर चुके हैं।

आरोप है कि मुलाकात के दौरान हाथ मिलाने के बहाने आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और जबरन आई-10 कार में बैठा लिया। इसके बाद उसे कोनी क्षेत्र ले जाया गया, जहां पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई और तीनों ने मिलकर लात-घूंसों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। मारपीट में छात्र को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

टोपी खींचने,शिक्षक से शिकायत की खुन्नस

इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की वजह भी चौंकाने वाली है। बताया जा रहा है कि पीड़ित और आरोपी बचपन में एक ही स्कूल में पढ़ते थे। करीब आठ-नौ साल पहले स्कूल में टोपी खींचने की घटना और इसकी शिकायत शिक्षक से किए जाने को लेकर आरोपियों के मन में रंजिश थी। इतने साल बाद भी वे इस बात को भूले नहीं थे। छात्र के त्योहार पर घर लौटने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने उसे निशाना बनाया।

परिजनों की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले में कृतिक मिश्रा, सिद्धिविनायक और आदि सरकार को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) सहित मारपीट से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, घायल छात्र की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।