CG Local Holiday /रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा, बालोद और सक्ती जिले के लोगों के लिए स्थानीय अवकाश को लेकर महत्वपूर्ण खबर है।

तीनों जिलों में वर्ष 2026 की स्थानीय अवकाश सूची में संशोधन करते हुए 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा के स्थान पर अब 11 नवंबर, बुधवार को भाई दूज (दीपावली) के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में संबंधित जिला कलेक्टरों ने संशोधित आदेश जारी कर दिए हैं।

बालोद जिले में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार स्थानीय अवकाश सूची में आंशिक संशोधन किया गया है। पहले 9 नवंबर 2026 को गोवर्धन पूजा के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित था। लेकिन छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इसी दिन सार्वजनिक अवकाश पहले ही घोषित किए जाने के कारण जिला प्रशासन ने स्थानीय अवकाश की तारीख बदल दी है। अब पूरे बालोद जिले में 11 नवंबर को भाई दूज के अवसर पर स्थानीय अवकाश रहेगा। संशोधन के अलावा वर्ष 2026 के अन्य स्थानीय अवकाश पूर्ववत रहेंगे।

इसी तरह सक्ती जिले में भी कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जयश्री जैन ने स्थानीय अवकाश आदेश में आंशिक संशोधन किया है। संशोधित आदेश के मुताबिक 11 नवंबर 2026, बुधवार को भाई दूज (दीपावली) के अवसर पर जिले में स्थानीय अवकाश रहेगा।

यह अवकाश बैंकों, कोषालय और उपकोषालय के लिए लागू नहीं होगा।

कोरबा जिले में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कुणाल दुदावत ने भी स्थानीय अवकाश की तारीख में बदलाव का आदेश जारी किया है। शासन द्वारा 9 नवंबर 2026 को गोवर्धन पूजा के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने के बाद जिले की पूर्व निर्धारित स्थानीय अवकाश सूची में संशोधन किया गया है। अब कोरबा जिले में भी 11 नवंबर, बुधवार को भाई दूज के पर्व पर स्थानीय अवकाश रहेगा।

इस तरह बालोद, सक्ती और कोरबा जिले में भाई दूज के दिन 11 नवंबर 2026 को स्थानीय अवकाश रहेगा। जिला प्रशासन के इस फैसले से संबंधित जिलों के लोगों और शासकीय कर्मचारियों को दीपावली के बाद भाई दूज का पर्व मनाने के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। हालांकि सक्ती जिले में यह स्थानीय अवकाश बैंक और कोषालय संबंधी सेवाओं पर लागू नहीं होगा।