CG .छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियों के सुस्त पड़ते ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. गुरुवार को राजधानी रायपुर में पारा 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दिनभर तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान नजर आए.

रायपुर में तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस का उछाल दर्ज किया गया, जबकि 34.6 डिग्री सेल्सियस के साथ बिलासपुर प्रदेश में सबसे गर्म रहा. सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया.

हालांकि, मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेशवासियों को राहत की खबर दी है. 19 सितंबर से राज्य में एक बार फिर बारिश की रफ्तार तेज होने का अनुमान जताया गया है.

मौसम विभाग के अनुसार, 18 सितंबर को रायपुर में बादल छाए रहने का अनुमान है, जहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, वहीं एक-दो स्थानों पर वज्रपात (बिजली गिरने) और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है. बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य रही, जो औसत से 5 प्रतिशत कम है. पेंड्रा रोड, सल्हेवारा और चांपा में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई है.

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 19 सितंबर के आसपास उत्तरी अंडमान सागर में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र (Low-Pressure Area) बनने की संभावना है.

यह मौसमी सिस्टम धीरे-धीरे अधिक मजबूत होकर दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों की ओर आगे बढ़ेगा. इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी और दक्षिणी तथा मध्य इलाकों में बारिश का दौर फिर शुरू होगा.

बस्तर संभाग के जिलों में अलर्ट जारी

नये मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने दक्षिणी छत्तीसगढ़ पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है. विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर जिलों में आकाशीय बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और मध्यम से भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है तथा नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.