CG Paddy News: ​बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में कस्टम मिलिंग के नाम पर धान की हेराफेरी और चावल जमा करने में लापरवाही बरतने वाले मिलर्स के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है।

बिलासपुर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो राइस मिलों को सील कर दिया है, जबकि 20 अन्य मिलर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

भौतिक सत्यापन के दौरान इन दोनों मिलों के परिसरों से कुल 66 हजार 66.4 क्विंटल धान कम पाया गया, जिसके बाद आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है।

कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समितियों और संग्रहण केंद्रों से उठाए गए धान के बदले मिलर्स को नागरिक आपूर्ति निगम (NAN) और भारतीय खाद्य निगम (FCI) में तय समय पर चावल जमा करना अनिवार्य है। काम की धीमी प्रगति और गड़बड़ी की आशंका के चलते बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मिलों के भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए थे।

दो मिलों में मिला 66 हजार क्विंटल से ज्यादा का अंतर

कलेक्टर के निर्देश पर 26 नवंबर को खाद्य विभाग की अलग-अलग टीमों ने दबिश दी। पहली कार्रवाई कोटा विकासखंड स्थित ‘राजमुनि एग्रो राइस मिल’ में की गई। सहायक खाद्य अधिकारी अजय कुमार मौर्य और खाद्य निरीक्षक आशीष दीवान, ललिता शर्मा व वसुधा राजपूत की टीम ने स्टॉक की जांच की, जिसमें 36 हजार 916.4 क्विंटल धान कम पाया गया।

​इसी तरह, दूसरी बड़ी कार्रवाई नगर निगम क्षेत्र के बहतराई स्थित ‘पार्वती राइस मिल’ में हुई। खाद्य अधिकारी राजीव लोचन तिवारी तथा खाद्य निरीक्षक मंगेश कांत व वर्षा सिंह की टीम ने जब मिल परिसर का भौतिक सत्यापन किया, तो वहां 29 हजार 150 क्विंटल धान कम मिला। भारी अनियमितता की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से दोनों राइस मिलों को सील कर दिया।

20 मिलर्स को नोटिस, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने स्पष्ट किया कि नागरिक आपूर्ति निगम में समय पर चावल जमा कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप चावल जमा नहीं करने वाले जिले के 20 अन्य राइस मिलर्स को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर इनके खिलाफ भी सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

पूरे प्रदेश में कस रहा है मिलर्स पर शिकंजा

गौरतलब है कि धान की कालाबाजारी और कस्टम मिलिंग में लेटलतीफी रोकने के लिए राज्य सरकार के निर्देश पर पूरे छत्तीसगढ़ में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बिलासपुर के अलावा रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, जांजगीर-चांपा और धमतरी सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी प्रशासनिक टीमें लगातार राइस मिलों का औचक निरीक्षण कर रही हैं।

राज्य भर में स्टॉक में गड़बड़ी पाए जाने पर कई मिलों को ब्लैकलिस्ट करने, बैंक गारंटी राजसात करने और मिलों को सील करने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे मिलर्स में हड़कंप मचा हुआ है।