CG bus fare: रायपुर। छत्तीसगढ़ में बस यात्रियों को महंगाई का झटका लगा है। राज्य सरकार ने बस किराए में वृद्धि की है।

परिवहन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, साधारण बसों में पांच किलोमीटर का किराया 10 रूपए निर्धारित किया गया है। साथ ही इसके आगे की यात्रा करने पर 1.75 रूपए प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान करना पड़ेगा। इसी तरह रात में चलने वाली साधारण बस में यात्रा करने वाले यात्रियों को निर्धारित किराए से 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

मीडिया रिपोर्ट अनुसार आपको रायपुर से बिलासपुर सामान्य बस में सफर करना है। रायपुर से बिलासपुर की दूरी 115 किलोमीटर है। पहले पांच किलोमीटर का 10 रूपए और शेष 110 किलोमीटर का किराया 1.75 पैसे की दर से 201.25 होगा। इसमें 10 रूपए जोड़ने पर कुल किराया 211.25 रूपए हो जाएगा।

डीलक्स बसों में पहले 5 किलोमीटर के लिए 12 रुपए और उसके आगे जाने पर 2.20 रूपए प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान करना होगा।

डीलक्स एसी स्लीपर और सेमी स्लीपर बसों का किराया 3.20 रूपए प्रति किलोमीटर देना होगा। वोल्वो और सुपर लग्जी एसी बसों में यात्रा के लिए 3.30 रूपए प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान करना होगा।

जारी अधिसूचना में दिव्यांग, 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक, एचआईवी पीड़ित और अन्य श्रेणियों के यात्रियों को छूट दी गई हैं।

जारी अधिसूचना में नक्सल प्रभावित व्यक्ति को राज्य के भतर यात्रा करने पर 50 प्रतिशत किराए पर छूट मिलेगी। इसके लिए जिले के पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर कलेक्टर द्वारा जारी प्रमाणपत्र पेश करना होगा।