बिलासपुर… भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम में बिलासपुर जिले की छह बुलबुलों ने अपनी प्रतिभा और उपलब्धि से जिले का नाम रोशन किया है। हरियाणा के गदपुरी स्थित राष्ट्रीय युवा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में इन सभी को प्रतिष्ठित गोल्डन एरो अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के साथ केंद्रीय विद्यालय संगठन, रेलवे और अन्य संस्थानों के कब-बुलबुलों ने भी हिस्सा लिया। इस आयोजन में बिलासपुर की छह छात्राओं को सम्मान मिलना जिले की स्काउटिंग गतिविधियों के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि है।

सम्मान पाने वाली छात्राओं में प्राथमिक शाला देवरी, संकुल पंधी, विकासखंड मस्तूरी की पांच बुलबुलें शामिल हैं। इनमें आदिश्री शर्मा, हिमान्या विश्वकर्मा, तवशु, पूजा लास्कर और चहक वस्त्रकार के नाम हैं। इनकी फ्लॉक लीडर कल्पना सिंह हैं। वहीं, प्राथमिक शाला भरारी, विकासखंड बिल्हा की अदिति निर्मलकर ने भी गोल्डन एरो अवॉर्ड हासिल किया। उनके साथ स्काउट-गाइड प्रभारी लक्ष्मी बृजवासी जुड़ी हुई हैं।

इस उपलब्धि पर जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने छात्राओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं। जिला मुख्य आयुक्त राजेंद्र साहू, जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय, सहायक वर्षा शर्मा तथा जिला संघ के पदाधिकारियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

छह छात्राओं की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और स्काउटिंग गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी को सामने लाती है। राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान से उनके विद्यालयों और जिले में भी उत्साह का माहौल है।