बिलासपुर..साइबर ठगी से जुड़ी रकम के लेन-देन में इस्तेमाल हो रहे संदिग्ध बैंक खाते के मामले में तारबाहर पुलिस ने हेमूनगर निवासी विश्वजीत बाली को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, संबंधित एक्सिस बैंक खाते के खिलाफ अलग-अलग शिकायतें मिली थीं। खाते के लेन-देन की जांच में ठगी की रकम के साथ दूसरी राशि जमा होने और यूपीआई व एटीएम के जरिए रकम निकाले जाने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस मुख्यालय रायपुर से मिले निर्देशों के बाद संदिग्ध म्यूल खातों की जांच की जा रही है। इसी दौरान भारत सरकार के पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर एक्सिस बैंक के एक खाते को जांच के दायरे में लिया गया। खाते के विवरण का परीक्षण करने पर उसमें संदिग्ध लेन-देन सामने आए, जिसके बाद तारबाहर थाने में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने खाते के धारक विश्वजीत बाली, पिता विनय कुमार निवासी तहसीलदार गली, हेमूनगर, थाना तोरवा, बिलासपुर को गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश किया गया है।

मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2), 317(5), 318(4), 323 और 317(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस संदिग्ध खाते के लेन-देन और साइबर ठगी से जुड़े धन के प्रवाह की जांच कर रही है।