बिलासपुर… नृत्य की थाप हो, गीतों की मिठास, कविता की धार या मोबाइल कैमरे से दिखाई गई रचनात्मकता—युवाओं को अपना हुनर साबित करने का मौका मिलने जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से वर्ष 2026-27 का जिला स्तरीय युवा उत्सव अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में बिलासपुर में आयोजित करने की तैयारी है। आयोजन 27 से 31 अक्टूबर के बीच प्रस्तावित है। इसमें हिस्सा लेने के इच्छुक युवा 29 अक्टूबर तक ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। प्रतियोगिताओं की अंतिम तिथि और स्थल की जानकारी अलग से जारी की जाएगी।

युवा उत्सव में परंपरा और नए दौर की रचनात्मकता, दोनों का मेल देखने को मिलेगा। सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, पारंपरिक वेशभूषा और क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज जैसी विधाओं में युवा अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। यानी मंच पर लोकसंस्कृति की झलक भी होगी और डिजिटल दुनिया में अपनी पहचान बनाने का अवसर भी।

जिला स्तर से राज्य तक पहुंचने का मौका

जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल करने वाले करीब 148 प्रतिभागियों के राज्य स्तरीय युवा उत्सव में शामिल होने की संभावना है। लिहाजा यह आयोजन केवल प्रतिभा दिखाने का मंच नहीं, बल्कि आगे की प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का रास्ता भी बनेगा।

विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के तहत विकसित भारत प्रश्नोत्तरी और निबंध प्रतियोगिता ऑनलाइन होगी। इसके बाद जिला स्तर पर पीपीटी प्रस्तुति, राज्य स्तर पर प्रस्तुति और नई दिल्ली में राष्ट्रीय वीबीवाईएलडी के चरण निर्धारित हैं। रॉकबैंड प्रतियोगिता केवल राज्य स्तर पर आयोजित की जाएगी।

उम्र और विधा के नियम जानना जरूरी

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले युवाओं की आयु 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। विभाग की विज्ञप्ति के अनुसार, इसके लिए जन्मतिथि 17 अगस्त 1997 से 17 अगस्त 2011 के बीच निर्धारित की गई है। संगतकारों के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष रखी गई है। एक प्रतिभागी किसी भी स्तर पर केवल एक विधा में हिस्सा ले सकेगा।

सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, नुक्कड़ नाटक और राज्य स्तरीय रॉकबैंड के लिए दलीय श्रेणी में ऑनलाइन गूगल फॉर्म भरना होगा। वहीं चित्रकला, कविता लेखन, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज और पारंपरिक वेशभूषा के लिए एकल श्रेणी का फॉर्म भरना होगा। विभाग ने दोनों श्रेणियों के लिए अलग-अलग क्यूआर कोड उपलब्ध कराए हैं। विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के लिए पंजीयन और प्रतियोगिता ‘माय भारत’ ऐप के माध्यम से होगी।

पंजीयन और आयोजन से जुड़ी जानकारी के लिए इच्छुक युवा सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय, स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई, बिलासपुर में संपर्क कर सकते हैं। कार्यालय का दूरभाष नंबर 07752-299557 है।