बिलासपुर…सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। चाकू और तलवार लहराने से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू और एक तलवार भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की रात करीब 8 बजे नर्सरी गेट के सामने मैट्रिक चौक के पास शराब पीने के लिए पैसे मांगने की बात पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई, जिससे क्षेत्र की शांति और कानून व्यवस्था प्रभावित हुई।

घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग अपराध दर्ज किए। इसके बाद पुलिस ने लगातार दबिश और घेराबंदी कर सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो धारदार चाकू और एक तलवार जब्त की गई।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी के दौरान गिरने से उन्हें चोटें आईं। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।