बिलासपुर…पुरानी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुए विवाद में इडली-डोसा ठेला संचालक हर्ष धनकर और उसके सहयोगी रितेश साहू के साथ मारपीट की गई। हमले में हर्ष धनकर को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि रितेश साहू को सामान्य चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल हर्ष को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, राजीव गांधी चौक के पास इडली-डोसा का ठेला लगाने वाले हर्ष धनकर के साथ रितेश कुमार साहू सहयोगी के रूप में काम करता है। कुछ दिन पहले दोनों का सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में पंकज लहरे, राहुल चतुर्वेदी, ऋषभ राज कोसले और सारिक अली से विवाद हुआ था। उस समय दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया था, लेकिन पुरानी रंजिश खत्म नहीं हुई।

इसी विवाद को लेकर गुरुवार सुबह आरोपियों ने हर्ष धनकर और रितेश साहू के साथ फिर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। हमले में हर्ष को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद सिविल लाइन पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। गंभीर चोटों के मद्देनजर प्रकरण में बीएनएस की अन्य संगत धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।