रामानुजगंज (पृथ्वी लाल केशरी)… छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस और दीपावली पर्व के अवसर पर साईं बाबा पब्लिक हाई स्कूल में शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से सराबोर आयोजन हुआ। निबंध लेखन, चित्रकला, भाषण और विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, ज्ञान और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों ने पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था के व्यवस्थापक मनोज कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया और उन्हें मंच पर आमंत्रित किया।

आयोजन में मुख्य अतिथि एसडीएम आनंद नेताम और तहसीलदार मनोज पैकरा के साथ भाजपा जिला मंत्री शर्मिला गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि डॉ. राकेश कुमार गुप्ता, एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक राकेश तथा एक्सिस बैंक के शाखा प्रबंधक सुनील कुमार उपस्थित रहे।

अतिथियों ने विद्यार्थियों की ओर से तैयार विज्ञान मॉडल और अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें पढ़ाई के प्रति समर्पित रहने, माता-पिता का सम्मान करने और अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। अतिथियों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। उत्साह और उमंग के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ।