CG News-सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में राजस्व अभिलेखों में कथित हेराफेरी कर जमीन हड़पने का मामला सामने आया है। दरिमा तहसील के ग्राम दरिमा में बिना सक्षम अधिकारी के आदेश और अनुमोदन के नया खसरा नंबर तैयार करनिजी व्यक्ति के नाम जमीन दर्ज करने और बाद में उसकी रजिस्ट्री कराने का खुलासा हुआ है।

तहसीलदार के जांच प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर अजीत वसंत ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संदिग्ध रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए सिविल वाद दायर करने और अवैध राजस्व प्रविष्टि हटाने को कहा गया है।

CG News-इस मामले की शिकायत पार्षद और भाजपा नेता आलोक दुबे ने कलेक्टर से की थी।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए थे। जांच में ग्राम दरिमा की खसरा क्रमांक 1322 और कथित खसरा क्रमांक 1322/2 के राजस्व रिकॉर्ड में अनियमितता सामने आई है।

जांच प्रतिवेदन के अनुसार, सिंहदेव योजना के तहत वर्ष 1968-69 में शासकीय पट्टेदार चंदर पिता बजरंग पनिका को ग्राम दरिमा में खसरा नंबर 1322 की कुल 2.76 एकड़ भूमि का पट्टा दिया गया था। इस जमीन का कुल रकबा 1.117 हेक्टेयर था।

वर्ष 2016-17 के खसरा पांचशाला अभिलेख में भी खसरा नंबर 1322 का रकबा 1.117 हेक्टेयर ही दर्ज था। लेकिन बाद में कंप्यूटरीकृत खसरा पांचशाला में इस खसरे को बटांकित दिखाते हुए हस्तलिखित रूप से खसरा नंबर 1322/1 का रकबा 1.117 हेक्टेयर और खसरा नंबर 1322/2 का रकबा 2.202 हेक्टेयर दर्ज कर दिया गया।

जांच में सामने आया कि कथित खसरा नंबर 1322/2 को बलिराम पिता रामप्रसाद के नाम दर्ज किया गया था। खसरा अभिलेख के कैफियत कॉलम नंबर 12 में हस्तलिखित रूप से इसकी वजह ‘लुप्त खसरा होने से’ बताई गई थी।

हालांकि, जांच प्रतिवेदन में इस प्रविष्टि के संबंध में किसी सक्षम अधिकारी का आदेश या अनुमोदन उपलब्ध नहीं पाया गया। जांच के मुताबिक, मूल खसरा नंबर 1322 के रकबे में कोई कमी किए बिना अलग से 2.202 हेक्टेयर भूमि का नया खसरा नंबर तैयार कर उसे बलिराम के नाम दर्ज कर दिया गया। प्रशासन ने इसे राजस्व रिकॉर्ड में गंभीर अनियमितता और कथित कूटरचना माना है।

जांच में यह भी सामने आया कि 18 जुलाई 2023 को तत्कालीन पटवारी ने ऑनलाइन राजस्व अभिलेखों में भूमि के नामांतरण से संबंधित प्रविष्टि की थी। इसके बाद कथित रूप से तैयार किए गए राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर 11 सितंबर 2023 को रजिस्टर्ड विक्रय पत्र के माध्यम से 2.202 हेक्टेयर जमीन बेच दी गई।

विक्रय पत्र के अनुसार, यह जमीन बलिराम पिता रामप्रसाद ने आजाद इराकी पिता रियाजुद्दीन इराकी और रामाशंकर सिंह पिता रामजस सिंह को बेची थी। प्रशासन की जांच में इस पूरी प्रक्रिया के आधार पर राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी कर जमीन के हस्तांतरण का मामला सामने आया है।

कलेक्टर ने तहसीलदार दरिमा को संबंधित थाने में चार लोगों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इनमें शामिल हैं:

  • बलिराम पिता रामप्रसाद: निवासी ग्राम खजुरी, तहसील दरिमा, जिला सरगुजा।
  • आजाद इराकी पिता रियाजुद्दीन इराकी: निवासी जयनगर, तहसील लटोरी, जिला सूरजपुर।
  • रामाशंकर सिंह पिता रामजस सिंह: निवासी विश्रामपुर, जिला सूरजपुर।
  • अनिरुद्ध कुमार पैकरा: ग्राम दरिमा के तत्कालीन पटवारी।

कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) को संदिग्ध रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए सिविल वाद दायर करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके साथ ही अवैध रूप से दर्ज की गई राजस्व प्रविष्टि को रिकॉर्ड से विलोपित करने और कार्रवाई का पालन प्रतिवेदन तत्काल प्रस्तुत करने को कहा गया है।

प्रशासन की इस कार्रवाई से ग्राम दरिमा में जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। अब पुलिस जांच और प्रस्तावित सिविल वाद की कार्रवाई से यह तय होगा कि इस पूरे प्रकरण में संबंधित लोगों की भूमिका और जिम्मेदारी क्या रही।