बिलासपुर.. सुशासन तिहार में मिली शिकायत और मीडिया के माध्यम से सामने आ रही सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। सीपत क्षेत्र के ग्राम मटियारी में की गई कार्रवाई के दौरान विभाग ने भारी मात्रा में महुआ शराब और महुआ लहान जब्त कर कई आरोपियों को जेल भेज दिया।

आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम मटियारी में दबिश देकर रूकमणी के कब्जे से 20 लीटर, श्यामता बाई के मकान से 15 लीटर तथा शैलबाई के कब्जे से 22 लीटर महुआ शराब बरामद की। तीनों मामलों में आबकारी अधिनियम की गैर-जमानती धाराओं 34(1)(क), 34(2) और 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को जेल दाखिल किया गया।

तालाब में छिपाकर रखा शराब का जखीरा

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने ग्राम मटियारी के शासकीय तालाब से लावारिस हालत में छिपाकर रखे गए 180 लीटर महुआ शराब और 1530 किलोग्राम महुआ लहान भी बरामद किया। विभाग ने मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई करते हुए पूरे जखीरे को जब्त कर लिया।

मीडिया की शिकायत पर अमेरी में दबिश

आबकारी विभाग ने मीडिया के माध्यम से प्राप्त शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए ग्राम अमेरी, थाना सकरी में कार्रवाई की। यहां सूरज बघेल के कब्जे से 9.36 लीटर देशी और विदेशी मदिरा जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे जेल भेजा गया।

लगातार जारी है अभियान

विभाग ने बताया कि एक दिन पहले कोटा क्षेत्र में ओमप्रकाश टंडन से 14.5 लीटर महुआ शराब जब्त कर गैर-जमानती प्रकरण दर्ज किया गया था। वहीं मस्तूरी क्षेत्र में मनोज धनवार से 9.5 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इससे पहले बिल्हा क्षेत्र में भी अवैध शराब के मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय से रिमांड प्राप्त करने के बाद जेल भेजा गया था।

आबकारी विभाग का स्पष्ट संदेश

माननीय कलेक्टर के निर्देश और सहायक आयुक्त आबकारी नवनीत कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के तहत जिलेभर में लगातार गश्त, पतासाजी और दबिश की कार्रवाई जारी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।