CG School Sumer Vacation/रायपुर: छत्तीसगढ़ में सूरज के तीखे तेवर और भीषण गर्मी को देखते हुए अब स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। प्रदेश में पारा 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार से मासूम बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश 30 जून तक बढ़ाने की पुरजोर मांग की है। बैज का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में 15 जून से स्कूल खोलना बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने जैसा होगा।

CG School Sumer Vacation/गौरतलब है कि तीन दिन पहले शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने गर्मी को देखते हुए छुट्टियां बढ़ाने के संकेत दिए थे, लेकिन विभाग की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। आदेश में हो रही इस देरी ने अभिभावकों और शिक्षकों के बीच असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है। इसी देरी पर तंज कसते हुए दीपक बैज ने कहा कि सरकार को बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता दिखानी चाहिए और तत्काल प्रभाव से छुट्टियों की घोषणा करनी चाहिए।

दीपक बैज ने प्रदेश के हालात का जिक्र करते हुए कहा कि सुबह 8 बजे के बाद ही लू के थपेड़े और भीषण गर्मी के कारण लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। ऐसे में छोटे बच्चों को स्कूल बुलाना उनके स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि केवल बयानों तक सीमित न रहकर धरातल पर निर्णय लिया जाए, ताकि बच्चों को लू और बीमारियों से बचाया जा सके।

सरकारी नियम के अनुसार, छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल 16 जून से खुलने वाले हैं। लेकिन जून का महीना आधा होने के बाद भी प्रदेश में गर्मी कम नहीं हो रही है। तेज धूप और उमस के कारण बच्चों को स्कूल भेजने में माता-पिता को चिंता हो रही है। इस बारे में बात करते हुए शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि बच्चों की सेहत हमारे लिए सबसे जरूरी है।

CG School Sumer Vacation/उन्होंने कहा कि अगर आने वाले दिनों में भी ऐसी ही तेज गर्मी पड़ती रही, तो 16 जून से स्कूल खोलने के फैसले को बदला जा सकता है और छुट्टियां कुछ दिन और बढ़ाई जा सकती हैं। उम्मीद है कि शिक्षा विभाग जल्द ही इसके लिए नया आदेश जारी कर सकता है।अब सभी लोग शिक्षा विभाग के नए आदेश का इंतजार कर रहे हैं, जो मौसम को देखकर जल्द ही जारी हो सकता है।

हालांकि इस संबंध में अभी तक सरकार की ओर से कोई अधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है। लेकिन ये माना जा रहा है कि शिक्षा विभाग की ओर से जल्द ही आदेश जारी किया जा सकता है। अब देखने वाली बात होगी सरकार स्कूल खुलने की तारीख को आगे बढ़ाती है या 16 जून से ही प्रदेश के सभी स्कूल खुलेंगे।