GPM News।छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिलाध्यक्ष को सड़क पर जन्मदिन मनाना और केक काटना महंगा पड़ गया.

GPM News।बीच सड़क पर मंच बनाकर जश्न मनाने, ढोल-नगाड़े बजाने और सार्वजनिक आवागमन बाधित करने के आरोप में गौरेला थाना पुलिस ने भाजयुमो जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे उर्फ सिद्धू और उनके दो सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है.

यह पूरी घटना 18 सितंबर की रात करीब 11:42 बजे गौरेला के व्यस्त अमरकंटक चौक की है. जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे के जन्मदिन के अवसर पर सड़क के बीचों-बीच बाकायदा एक बड़ा मंच तैयार किया गया था.

ढोल-नगाड़ों और समर्थकों की भारी भीड़ के बीच सिद्धार्थ दुबे ने मंच पर केक काटा. इस पूरे घटनाक्रम का उनके आधिकारिक फेसबुक (Facebook) पेज पर लाइव प्रसारण किया गया और समर्थकों द्वारा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए गए.

सार्वजनिक मार्ग पर मंच सजने और भारी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी के कारण मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई और लंबा जाम लग गया. देर रात आवाजाही करने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

वायरल वीडियो और शिकायत का संज्ञान लेते हुए गौरेला पुलिस ने मामले की प्राथमिक जांच की. जांच में सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने और अव्यवस्था फैलाने की पुष्टि होने पर गौरेला थाना पुलिस ने कार्रवाई की.

पुलिस ने भाजयुमो जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे, उनके साथी मौसम ताम्रकार और रितुराज अग्रवाल सहित अन्य समर्थकों के खिलाफ सार्वजनिक मार्ग बाधित करने संबंधी धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.