bhupesh baghel election case/रायपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को देश की शीर्ष अदालत से बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने उनके निर्वाचन को चुनौती देने वाली भाजपा नेता विजय बघेल की याचिका को शुरुआती स्तर पर ही खारिज करने की मांग वाली अर्जी को नामंजूर कर दिया है।

इस फैसले के बाद अब भूपेश बघेल के खिलाफ बिलासपुर हाई कोर्ट में चल रही चुनाव याचिका पर सुनवाई जारी रहेगी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री को यह छूट दी है कि वे ट्रायल के दौरान अपनी सभी कानूनी और तथ्यात्मक आपत्तियों को हाई कोर्ट के समक्ष उठा सकते हैं।

यह पूरा मामला वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव से जुड़ा है, जिसमें पाटन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल ने भाजपा के विजय बघेल को पराजित किया था। चुनाव के बाद विजय बघेल ने बिलासपुर हाई कोर्ट में एक याचिका दायर कर भूपेश बघेल के निर्वाचन को शून्य घोषित करने की मांग की थी।

विजय बघेल का आरोप है कि भूपेश बघेल ने मतदान से 48 घंटे पहले लागू होने वाले ‘साइलेंस पीरियड’ (मौन अवधि) के दौरान रोड शो किया था, जो जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126 का सीधा उल्लंघन है। इसी याचिका को रद्द कराने के लिए भूपेश बघेल ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहन की बेंच के समक्ष इस मामले की सुनवाई हुई। भूपेश बघेल की ओर से देश के दिग्गज वकील कपिल सिब्बल ने पक्ष रखते हुए दलील दी कि धारा 126 का उल्लंघन महज एक ‘इलेक्टोरल ऑफेंस’ (चुनावी अपराध) है, इसे ‘करप्ट प्रैक्टिस’ (भ्रष्ट आचरण) की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता। उन्होंने यह भी तर्क दिया कि कथित रोड शो से चुनाव परिणाम पर कोई असर नहीं पड़ा, क्योंकि भूपेश बघेल ने 20,000 से अधिक वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी।

वहीं, शीर्ष अदालत ने इन दलीलों को सुनने के बाद मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि ‘साइलेंस पीरियड’ के दौरान हुए कथित उल्लंघन का चुनाव परिणाम पर क्या प्रभाव पड़ा, यह पूरी तरह से साक्ष्यों और तथ्यों पर आधारित विषय है। इस प्रश्न का निर्णय केवल ट्रायल के दौरान ही लिया जा सकता है।

अदालत ने कहा कि हाई कोर्ट इस मामले की मेरिट पर विचार करेगा और भूपेश बघेल वहां अपनी सभी दलीलें पेश करने के लिए स्वतंत्र हैं। सुप्रीम कोर्ट के इस रुख से अब पूर्व मुख्यमंत्री को हाई कोर्ट में कानूनी लड़ाई का सामना करना होगा।