बन्नाक चौक एटीएम तोड़फोड़ कांड का पर्दाफाश… पुलिस ने आरोपी को दबोचा
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से आरोपी गिरफ्त में

बिलासपुर… थाना सिरगिट्टी क्षेत्र के बन्नाक चौक स्थित इंडिया वन एटीएम में तोड़फोड़ कर चोरी के प्रयास का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 27 जनवरी 2026 की रात की है। अज्ञात व्यक्ति ने चोरी की नीयत से एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त किया।
एटीएम एजेंसी की शिकायत पर थाना सिरगिट्टी में धारा 305(ए), 62 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच को बहुस्तरीय तरीके से आगे बढ़ाया।
जांच के दौरान आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्ध गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। साथ ही स्थानीय स्तर पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी क्रम में 30 जनवरी को सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति सिरगिट्टी बस्ती क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लव कुमार जोगी निवासी कोरमी, थाना सिरगिट्टी के रूप में हुई है। पूछताछ में एटीएम में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास किए जाने की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और वित्तीय संस्थानों को निशाना बनाने वाले अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए आगे की विवेचना की जा रही है।





