बिलासपुर… रावण दहन के बाद पुरानी रंजिश ऐसी भड़की कि विवाद गाली-गलौज से बढ़कर जानलेवा हमले तक पहुंच गया। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम लावर में पांच युवकों ने 17 वर्षीय किशोर पर चूड़े और डंडे से हमला कर दिया। हमले में किशोर के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि गले और हाथ में भी चोटें लगीं। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर की रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच लावर-भोथीडीह के मिडिल स्कूल परिसर में रावण दहन के बाद हुई। विवाद की जड़ करीब दो महीने पुरानी बताई गई है। उस समय किशोर भानू कैवर्त ने अरुण खुटे उर्फ गुड्डू और उसके साथियों को एक लड़की के साथ पकड़ लिया था। इसी बात को लेकर अरुण से विवाद हुआ। किशोर ने उसे पकड़वाए जाने की बात पर उलाहना दिया तो कहासुनी बढ़ गई।

आरोप है कि इसके बाद अरुण खुटे उर्फ गुड्डू, संजीत कारके, संजू कारके, सिद्धार्थ उर्फ चिंटू कारके और संजू उर्फ शुभम यादव ने गाली-गलौज करते हुए किशोर पर हमला कर दिया। हाथ में पहने चूड़े और डंडे से उसके सिर, गले और हाथ पर वार किए गए। हमले में किशोर का सिर फट गया।

पीड़ित की रिपोर्ट पर मस्तूरी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चूड़ा और डंडा भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।