बिलासपुर…सरकंडा थाना क्षेत्र में पति की मौत के बाद जिंदगी को नए सिरे से संवारने और तीन बच्चों को पिता का सहारा देने का सपना देख रही महिला के भरोसे को एक परिचित ने कथित तौर पर ठगी का जरिया बना लिया। शादी करने और तीनों बच्चों को अपनाने का वादा किया, फिर इसी भरोसे की आड़ में शारीरिक संबंध बनाए और बीमा व बैंक खातों में जमा रकम पर हाथ साफ कर दिया। मकान खरीदने समेत अलग-अलग बहाने बनाकर करीब 20 से 22 लाख रुपये लेने के बाद आरोपी ने मोबाइल बंद कर लिया और शादी करने से मुकर गया। पीड़िता की शिकायत पर दर्ज मामले में पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार यादव को दुर्ग जिले के धमधा से गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से बैंक एटीएम कार्ड, ऋण संबंधी कागजात और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पति की मृत्यु के बाद नजदीकी, शादी का भरोसा

पुलिस के अनुसार, पीड़िता धनेश्वरी के पति की सितंबर 2025 में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद पूर्व परिचित मनोज कुमार यादव उसके संपर्क में आया। आरोप है कि मनोज ने महिला से शादी करने और उसके तीनों बच्चों को अपनाने का भरोसा दिलाया। इस आश्वासन के बाद उसने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। महिला को विश्वास था कि आरोपी उसके साथ विवाह कर नई पारिवारिक जिंदगी शुरू करेगा, लेकिन पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने उससे रकम लेना शुरू कर दिया।

 खातों से निकलवाए लाखों रुपये

आरोप है कि मनोज ने पामगढ़ में मकान खरीदने समेत अलग-अलग जरूरतों का हवाला देकर महिला से बीमा की रकम और बैंक खातों में जमा पैसे लिए। यह लेनदेन नकद और फोनपे के माध्यम से किया गया। कुल रकम करीब 20 से 22 लाख रुपये बताई गई है। इतनी बड़ी राशि लेने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। महिला जब शादी की बात लेकर आगे बढ़ी तो आरोपी मुकर गया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।

साइबर से मिली लोकेशन, धमधा में गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम और साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की। जांच के दौरान उसकी लोकेशन दुर्ग जिले के धमधा में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर घेराबंदी की और मनोज कुमार यादव को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने महिला को शादी का भरोसा देकर रकम लेने की बात स्वीकार की। उसने कथित तौर पर बताया कि रकम का इस्तेमाल अपने और परिवार के खर्चों, सोने के जेवर छुड़ाने तथा निजी जरूरतों में किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लेनदेन में इस्तेमाल बैंक एटीएम कार्ड, ऋण पावती एवं संबंधित कागजात और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है।

शारीरिक शोषण और ठगी के आरोप में मामला दर्ज

पीड़िता की शिकायत पर सरकंडा थाने में अपराध के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 और 318(4) में मामला दर्ज कर विवेचना की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की विवेचना कर रही है।