Cg news।बिलासपुर ।छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने सेवारत शासकीय शिक्षकों के लिए विभागीय टीईटी (TET) परीक्षा आयोजित करने के छत्तीसगढ़ शासन के निर्णय का स्वागत किया है।

उन्होंने कहा कि शिक्षक संघर्ष मोर्चा एवं छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के बैनर तले लगातार विभागीय टीईटी परीक्षा आयोजित करने की मांग की जा रही थी, जिस पर शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव एवं लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के अधिकारियों ने चर्चा पश्चात सकारात्मक आश्वासन दिया था।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशानुसार सेवारत गैर-टीईटी शिक्षकों के लिए निजी तकनीकी सेवा प्रदाता कंपनी के माध्यम से कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) द्वारा टीईटी परीक्षा आयोजित करने का आदेश जारी किया गया है।

टीचर्स एसोसिएशन की मुख्य मांगें एवं बिंदु-

OMR आधारित ऑफलाइन परीक्षा- एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने शासन से मांग की है कि कंप्यूटर बेस्ड (CBT) परीक्षा के स्थान पर पारंपरिक OMR शीट के माध्यम से ऑफलाइन परीक्षा आयोजित की जाए।

व्यावहारिक समस्याएं- दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों में कार्यरत कई सेवारत शिक्षकों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में तकनीकी कठिनाइयां और असुविधा हो सकती है, इसलिए OMR पद्धति ही अधिक उपयुक्त और व्यावहारिक होगी।

निर्णय का स्वागत-शिक्षक संघों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए विभागीय परीक्षा कराने का निर्णय का स्वागत किया गया है।

छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने शासन से आग्रह किया है कि शिक्षकों के हित और सुविधा को ध्यान में रखते हुए CBT के स्थान पर OMR आधारित ऑफलाइन मोड में ही विभागीय टीईटी परीक्षा आयोजित करने का आदेश जारी किया जाए।