बिलासपुर… पत्नी और रितिक कश्यप के बीच कथित अवैध संबंध के शक ने रमाशंकर सिदार के मन में ऐसी दुश्मनी पैदा की कि उसने रितिक को जान से मारने की ठान ली। एक सितंबर की रात उसने रितिक पर बटनदार चाकू से हमला कर दिया। पेट, सीने और बाएं हाथ की कोहनी के पास चोट पहुंचाने के बाद आरोपी फरार हो गया। करीब डेढ़ महीने से उसकी तलाश कर रही सीपत पुलिस ने आखिरकार उसे कोरबा के घंटाघर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हमले में इस्तेमाल बटनदार चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना एक सितंबर 2026 की रात करीब आठ बजे की है। मुड़पार भाठापारा निवासी समीर कुर्मी ने सीपत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रमाशंकर सिदार ने उसके भाई रितिक कश्यप उर्फ करन पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया है। शिकायत पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद सीपत पुलिस ने उसकी तलाश तेज की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कोरबा के घंटाघर इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम कोरबा रवाना हुई और घेराबंदी कर रमाशंकर सिदार को पकड़ लिया।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी और रितिक कश्यप उर्फ करन के बीच कथित अवैध संबंध होने का शक था। इसी वजह से वह रितिक से दुश्मनी रखने लगा था और उसे मारने के मौके की तलाश में था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने एक सितंबर को बटनदार चाकू से हमला करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चाकू बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।