जशपुर/छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और बाद में उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी को पुलिस ने ओडिशा से गिरफ्तार किया है।

आरोपी की पहचान सुनील रोहिदास के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामला जशपुर के तुमला थाना क्षेत्र का है। 19 वर्षीय पीड़िता ने 20 सितंबर को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2023 में वह अपनी मां के साथ तुमला मेले में चूड़ी बेचने गई थी।

उसी दौरान ओडिशा निवासी सुनील रोहिदास उससे मिला और चूड़ी देखने के बहाने उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और आरोपी ने युवती को प्रेम और शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया।

दशहरा नाटक के दौरान दोनों की मुलाकात हुई और आरोपी ने मौका पाकर युवती को सुनसान खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद वह लगातार युवती का शोषण करता रहा।

समय बीतने के साथ दोनों के बीच विवाद हुआ और बातचीत बंद हो गई। लेकिन 10 सितंबर 2025 को आरोपी ने पीड़िता को व्हाट्सऐप कॉल कर मिलने बुलाया। मुलाकात के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी ने पीड़िता से मारपीट की, उसकी लूना गाड़ी तोड़ दी और मोबाइल फोन लूटकर भाग निकला।

आरोपी ने यहीं नहीं रुका, बल्कि पीड़िता के मोबाइल से उसके फेसबुक अकाउंट पर अश्लील शब्दों और गंदे कॉमेंट्स पोस्ट कर दिए, जिन्हें वायरल कर दिया गया।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भादवि की धारा 363, 366(क), 376(2)(एन), 427, 394, आईटी एक्ट की धारा 67, 67(ए)(बी) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5,6 के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया।

जशपुर एसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने ओडिशा जाकर आरोपी को उसके गृहग्राम से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, आरक्षक सुरेश मिंज, हीरालाल यादव और नगर सैनिक विरोधर बारीक की अहम भूमिका रही।