अफवाहों पर कड़ा पहरा—एलपीजी, पेट्रोल को लेकर भ्रामक खबरों पर जिला प्रशासन अलर्ट..होगी कड़ी कार्रवाई
सोशल मीडिया पर अब नजर—फेक न्यूज फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी

बिलासपुर…पश्चिम एशिया में उत्पन्न परिस्थितियों के बीच एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और उर्वरक की उपलब्धता को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर फेक न्यूज की निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है।

आठ सदस्यीय समिति की अध्यक्षता अपर कलेक्टर शिव कुमार बनर्जी करेंगे, जबकि खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति में उप संचालक जनसंपर्क मुनुदाऊ पटेल, पुलिस विभाग के साइबर सेल निरीक्षक गोपाल सतपथी, जनसंपर्क विभाग की जिला समन्वयक सोशल मीडिया सुश्री रेहाना तबस्सुम, प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, नव भारत प्रेस के पत्रकार किशोर सिंह को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
गठित समिति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित होने वाली खबरों की लगातार निगरानी करेगी। किसी भी फेक न्यूज की त्वरित पहचान कर उसका खंडन सुनिश्चित किया जाएगा और अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ आईटी एक्ट एवं भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही भरोसा करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध खबर की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने का आग्रह भी किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश अब सख्ती से निपटाई जाएगी।




