चिट्टा, कैश और मोबाइल… दुर्ग में खुला नशे का काला खेल, 5 तस्कर गिरफ्तार
नशे के अड्डे पर पुलिस का हमला: दुर्ग में चिट्टा गैंग का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार

दुर्ग…नशे के खिलाफ चल रहे अभियान “ऑपरेशन विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए हेरोइन के अवैध कारोबार में लिप्त संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया। भिलाई भट्ठी थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
मंदिर के पास चल रहा था नशे का खेल
पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-3 स्थित शिव मंदिर के पास कुछ लोग चिट्टा का सेवन और बिक्री कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही टीम ने मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कार्रवाई की।
21 ग्राम हेरोइन, नकदी और मोबाइल जब्त
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 21.18 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1.69 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 65 हजार रुपये नकद और 6 मोबाइल फोन (करीब 1.50 लाख रुपये) भी जब्त किए गए। कुल जब्ती लगभग 3.84 लाख रुपये की बताई गई है।
गिरोह का नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध लाभ के लिए नशीले पदार्थों का संग्रहण और बिक्री कर रहे थे। मौके से एल्युमिनियम फॉइल, जले हुए नोट और लाइटर भी बरामद हुए, जो नशे के सेवन और सप्लाई की पुष्टि करते हैं।
आरोपी गिरफ्त में
पुलिस ने हरजिंदर सिंह न्यू खुर्सीपार, मोन्टी अरोरा हाउसिंग बोर्ड जामुल, सूरज कुमार लोहार राजनांदगांव, नवजोत सिंह सेक्टर-4 भिलाई और ईशा कौर केम्प-1 भिलाई को गिरफ्तार किया है।
NDPS एक्ट , रिमांड पर भेजे गए आरोपी
मामले में थाना भिलाई भट्ठी में अपराध दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 21 के तहत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
अभियान जारी, नेटवर्क पर फोकस
पुलिस अब गिरोह की सप्लाई चेन और नेटवर्क की जांच में जुटी है, ताकि इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। अधिकारियों ने साफ किया है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं होगी।





